लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड से अभी राहत नहीं मिलने वाली है, क्योंकि नए साल पर बारिश की संभावना है। इससे गलन और ठिठुरन बढ़ेगी। आज सुबह से गोरखपुर, प्रयागराज, बलिया और कानपुर सहित 37 शहर कोहरे की चपेट में हैं। सड़कों पर सन्नाटा है। विजिबिलिटी इतनी कम है कि 20 मीटर दूर तक भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। कोहरे के चलते लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 15 घंटे की देरी से चल रही हैं। तेजस एक्सप्रेस जैसी VIP ट्रेनें भी 11 घंटे लेट रहीं। 10 से अधिक फ्लाइटें भी कैंसिल कर दी गईं।
सोमवार की बात करें तो 25 से ज्यादा शहरों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। बाराबंकी-फतेहपुर सबसे ठंडे जिले रहे, जहां पारा 8°C रिकॉर्ड किया गया। हाथरस में दो भीषण हादसे हुए, जिनमें 7 लोग घायल हो गए। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भयंकर ठंड का अलर्ट जारी किया है। लोगों को बेवजह यात्रा से बचने की सलाह दी है। कहा कि जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें और बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ख्याल रखें।
एक जनवरी को बारिश के आसार
भीषण ठंड को देखते हुए यूपी सरकार भी अलर्ट मोड में है। स्कूल-कॉलेजों में 1 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है। अफसरों को तत्काल फील्ड में उतरने के निर्देश दिए गए हैं। योगी ने कहा कि अधिकारी जमीनी हालात का जायजा लें और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव और कंबलों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण प्रदेश में सर्दी में कमी के आसार नहीं हैं। अगले तीन दिनों में रात के साथ ही दिन में भी ठंड और बढ़ेगी। 1 जनवरी को बारिश की संभावना है।
घने कोहरे के चलते लखनऊ की 10 फ्लाइटें लेट
लखनऊ में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अपने निर्धारित समय से काफी देर से संचालित हुईं।
लखनऊ आने वाली लेट फ्लाइट्स
- OV 705 (मस्कट): निर्धारित समय 03:45, वास्तविक आगमन 10:30 बजे
- XY 896 (दम्माम): 05:15 के बजाय 10:24 बजे
- IX 1026 (मुंबई): 08:35 के बजाय 09:41 बजे
- XY 333 (रियाद): 09:00 के बजाय 09:43 बजे
- S5 228 (जर्ग): 10:10 के बजाय 10:50 बजे
- IX 194 (दुबई): 11:30 के बजाय 12:08 बजे
- S5 222 (KQH): 16:55 के बजाय 17:12 बजे
लखनऊ से रवाना होने वाली लेट उड़ानें
- IX 2173 (दिल्ली): सुबह 09:30 के बजाय 16:30 बजे पर रवाना
- 6E 758 (दिल्ली): 14:35 के बजाय 14:50 बजे
- S5 229 (जर्ग): 17:25 के बजाय 18:15 बजे
वाराणसी में घने कोहरे के कारण 2 फ्लाइट्स कैंसिल
वाराणसी में घने कोहरे के कारण मंगलवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई यातायात प्रभावित रहा। खराब दृश्यता के चलते दिल्ली से वाराणसी आने वाली दो विमानों को रद्द कर दिया गया, जो वाराणसी से वापस दिल्ली जाने वाले थे।
एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक विमानों से भेजने या टिकट रिफंड की सुविधा देने की बात कही गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
रद्द की गई फ्लाइट्स
- एयर इंडिया एक्सप्रेस IX 1223 / 1224 (दिल्ली – वाराणसी – दिल्ली)
- एयर इंडिया AI 2495 / 2496 (दिल्ली – वाराणसी – दिल्ली)।
यूपी में 3-4 दिन तक शीतलहर और घने कोहरे से राहत नहीं
स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, अगले 3-4 दिन तक यूपी में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
बारिश के बाद तापमान में थोड़ी अस्थाई बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड फिर तेज होने के आसार हैं। नए साल के पहले सप्ताह तक सुबह और रात के समय कोहरा छाया रह सकता है। जबकि रात की ठंड लगातार परेशान करेगी। कोल्ड-डे के चलते दिन में भी ठंड महसूस की जाएगी। दिन का तापमान भी सामान्य से 4-6 डिग्री तक दर्ज किया जाएगा।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं।