बरेली: जिले में प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर स्थित ‘द डेन कैफे एंड रेस्टोरेंट’ में 27 दिसंबर की शाम एक नर्सिंग छात्रा अपने 10 दोस्तों के साथ बर्थडे सेलिब्रेट करने पहुंची थी। इनमें 6 लड़कियां और 4 लड़के थे। दो युवक मुस्लिम समुदाय से थे, जिनके नाम शान और वाकिफ बताए गए हैं। इसी दौरान 25-30 बजरंग दल कार्यकर्ता ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए पुलिस के साथ रेस्टोरेंट में दाखिल हुए और दोनों मुस्लिम युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
अचानक हुए हंगामे से छात्रा दहशत में आ गई और रोने लगी। वह लगातार विनती करती रही कि उसके दोस्तों को न मारा जाए, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। छात्रा ने कहा कि दोस्त का धर्म देखकर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उसके सभी दोस्त एक साथ पढ़ते हैं और बर्थडे पार्टी के लिए इकट्ठा हुए थे। बेवजह हंगामा कर माहौल खराब किया गया। छात्रा ने बताया कि उसके दोनों दोस्तों को बेरहमी से पीटा गया और उसने बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच में आरोप निराधार
हंगामे की सूचना पर डायल 112 और प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की, लेकिन आरोप निराधार पाए गए। छात्रा ने पुलिस को बताया कि यह सिर्फ बर्थडे पार्टी थी और कोई आपत्तिजनक गतिविधि नहीं हो रही थी। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और एहतियातन छात्रा के परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।

आम आदमी पार्टी का बयान
आम आदमी पार्टी ने बरेली की इस घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर कहा- बरेली में बजरंग दल द्वारा एक जन्मदिन की पार्टी को निशाना बनाया गया। बरेली में नर्सिंग की पढ़ाई करने वाली एक छात्रा अपने सहपाठियों के साथ जन्मदिन मना रही थी। पार्टी में कुल 10 दोस्त शामिल थे, जिनमें 6 लड़कियां और 4 लड़के थे। इनमें 2 मुस्लिम युवक भी शामिल थे। पार्टी शुरू होने से पहले ही बजरंग दल के कार्यकर्ता कैफे में घुस आए, मुस्लिम युवकों के साथ मारपीट की और “लव जिहाद” के नाम पर हंगामा किया।
मौके पर पहुंची पुलिस का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जन्मदिन मना रही छात्रा और पुलिस के बीच झड़प दिखाई दे रही है। पुलिस जांच में कोई आपत्तिजनक बात सामने नहीं आई, इसके बावजूद मुस्लिम युवकों और कैफे के एक कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई, जबकि हंगामा करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर कहा- बरेली में BJP समर्थित गुंडों ने कैफे में घुसकर जो मारपीट की है, वह बेहद शर्मनाक है। इन गुंडों को BJP सरकार का समर्थन मिला हुआ है, तभी वे इस तरह की हरकत कर रहे हैं। सरकार की पुलिस भी इनके साथ मिली हुई नजर आती है। पहले मारपीट की गई और फिर पीड़ितों पर ही FIR दर्ज कर दी गई। इससे साबित होता है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप है। BJP नफरत की राजनीति कर रही है और ऐसी घटनाएं उसी का नतीजा हैं।
RJD ने भी सरकार को निशाने पर लिया
RJD प्रवक्ता कंचन यादव ने कहा- बरेली में BJP के पाले हुए बजरंग दल के गुंडों ने एक लड़की की बर्थडे पार्टी में घुसकर मारपीट की और उत्पात मचाया। इन लोगों को आम जनता को डराने का लाइसेंस किसने दिया है? इन्हें कानून का डर नहीं है, क्योंकि इन्हें बचाने वाले सत्ता में बैठे हैं। मामले में पीड़ितों पर ही FIR दर्ज कर दी गई।
यह स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। लव जिहाद के नाम पर बजरंग दल के लोग बरेली में बर्थडे पार्टी में घुस गए। पार्टी में कॉलेज के छात्र और छात्राएं मौजूद थीं। छात्राओं के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय पीड़ित छात्रों को ही हिरासत में लिया। यही वह सरकार है, जो कानून-व्यवस्था का दावा करती है और बुलडोजर से न्याय देने की बात करती है।
बजरंग दल वाले कर रहे गुंडागर्दी
समाजवादी पार्टी ने भी योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये बजरंग दल वाले लगातार गुंडागर्दी कर रहे है। पहले क्रिसमस पर क्रिश्चियन के साथ मारपीट की गई। बरेली में चर्च के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ा गया और अब बर्थडे पार्टी में शामिल होने आए मुस्लिम युवकों को बेरहमी से पीटा गया।
कैफे कर्मचारी और दो युवकों पर केस
सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि जांच में लव जिहाद जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। इसके बावजूद कैफे के एक कर्मचारी और दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अन्य छात्र-छात्राओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्टोरेंट संचालक की तहरीर पर भी FIR
रेस्टोरेंट संचालक शैलेंद्र गंगवार ने प्रेमनगर थाने में बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ऋषभ ठाकुर और दीपक पाठक 20-25 कार्यकर्ताओं के साथ रेस्टोरेंट में आए, नारेबाजी की, मारपीट की और तोड़फोड़ की। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि इस तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है।