लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आगरा, गोरखपुर और कानपुर सहित 45 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। 18 जिलों में विजिबिलिटी शून्य पहुंच गई है और सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। ओस की बूंदें बारिश जैसी पड़ रही हैं। गोरखपुर-बलिया में रविवार सुबह सड़क और फर्श भीगी नजर आई। आगरा में कोहरे में ताजमहल छिप गया।
मेरठ सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का पारा 5.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गोरखपुर, जालौन, वाराणसी रेलवे स्टेशनों पर 50 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 10 घंटे की देरी से पहुंचीं। गोरखपुर एयरपोर्ट पर 4 फ्लाइट लेट आईं। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने 2–3 दिनों तक भयंकर ठंड की चेतावनी जारी की है। लोगों को बेवजह यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।
शनिवार को हुए पांच सड़क हादसे
बुलंदशहर में कोहरे के चलते ब्रेजा कार सड़क किनारे लगे नल से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। सेना के जवान ने कूदकर अपनी जान बचाई। थोड़ी देर में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। आज 30 जिलों में कोहरे का ऑरेंज और 24 जिलों में यलो अलर्ट है। धूप निकलने के चांस कम हैं। शनिवार को कोहरे के चलते 5 सड़क हादसे हुए, जिनमें 30 गाड़ियां टकराईं। करीब 15 लोग घायल हुए। प्रदेश में बीते एक हफ्ते में ठंड की वजह से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। इसके कारण प्रदेश में सर्दी में कमी आने के आसार नहीं हैं। अगले तीन दिनों में रात के साथ ही दिन में भी ठंड और बढ़ेगी।
बदायूं में शीतलहर, तापमान 7 डिग्री
बदायूं में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। घने कोहरे और सर्द हवाओं से जनजीवन प्रभावित है। ठंड और कोहरे का असर खेती पर भी दिख रहा है। आलू की फसल पर संकट बना हुआ है।
मऊ में कड़ाके की ठंड, हल्की फुहारों पड़ रहीं
मऊ में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा जारी है। रविवार को चली तेज हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। स्कूली बच्चों, किसानों और अन्य लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तेज हवाओं और कोहरे के बीच हल्की फुहारों से मौसम में नमी बनी हुई है।
चित्रकूट में विजिबिलिटी शून्य, सड़कों पर सन्नाटा
चित्रकूट में कोहरे के चलते विजिबिलिटी शून्य हो गई है। सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। रविवार को सुबह से ही घना कोहरा छा गया है। मौसम विभाग के अनुसार अभी तापमान में और गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही शीतलहर चलने की संभावना बताई जा रही है। फिलहाल, कड़ाके ठंड में लोग घरों से बाहर कम निकल रहे हैं।
बरेली में भीषण कोहरा, विजिबिलिटी शून्य
बरेली में रविवार सुबह से घने कोहरे ने शहर को ढक लिया। विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। सर्द हवाओं से ठंड और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 9°C और अधिकतम 22°C रहने का अनुमान है। AQI 190 रिकॉर्ड हुआ।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
यलो अलर्ट- सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, हरदोई, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया और कुशीनगर शामिल हैं।
ऑरेंज अलर्ट– मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, रायबरेली, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, गोरखपुर, श्रावस्ती और बलरामपुर को ऑरेंज जोन में रखा गया है।