UP Weather: 22 जिलों में अत्यधिक सर्दी का अलर्ट; पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
UP Weather: उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। चुभती ठंड और ठिठुराने वाली पछुआ हवाओं से प्रदेश के तराई और पूर्वांचल के इलाकों में जनजीवन और यातायात दोनों प्रभावित है। गलन भरी पछुआ हवाओं से पूर्वांचल और तराई के ज्यादातर इलाकों में दिन के तापमान भारी गिरावट आई और शीत दिवस के हालात हैं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 22 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है यानी इन इलाकों में घने कोहरे से दृश्यता शून्य तक जा सकती है। वहीं 15 जिलों में अत्यंत शीत दिवस होने की संभावना जताई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक ठंड और कोहरे का असर कमोबेश इसी तरह जारी रहने वाला है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और वहां से आ रही पछुआ हवाओं के असर से उत्तर प्रदेश में भी ठंड में इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बीच दिन के तापमान में तो कोई भारी परिवर्तन नहीं आएगा लेकिन रात के पारे में क्रमशः गिरावट आएगी।
इन जिलों में है घने कोहरे का रेड अलर्ट
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच तखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत व आसपास इलाकों में।
अत्यंत शीत दिवस वाले जिले
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर व आसपास इलाकों में।



Post Comment