-
34 खेलों में 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी, आगरा में सांसद खेल महोत्सव बना जनआंदोलन
UP News: प्रदेश में खेल संस्कृति को सुदृढ़ और व्यापक स्वरूप देने की दिशा में आयोजित तृतीय सांसद खेल महोत्सव–2025 का भव्य आयोजन आगरा स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रहे। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतिनिधि के रूप में उपराष्ट्रपति के आगरा आगमन पर राज्य अतिथि की गरिमा के अनुरूप आत्मीय स्वागत किया। उपराष्ट्रपति ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एकलव्य की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। खिलाड़ियों द्वारा मलखंभ, तलवारबाजी और सांस्कृतिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपराष्ट्रपति ने विभिन्न खेलों के विजयी खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
नशे के विरुद्ध खेल सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच
संबोधन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, धैर्य और टीम भावना का सशक्त आधार हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि खेल को जीवनशैली के रूप में अपनाएं और अनुशासन को अपनी शक्ति बनाएं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही मजबूत और विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं तथा नशे के विरुद्ध खेल सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन पहलों से देश में खेलों के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन आया है। महानगरों के साथ-साथ ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी खेल संस्कृति विकसित हो रही है। पैरा ओलंपिक सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन सरकार की दूरदर्शी खेल नीतियों, विज्ञान आधारित प्रशिक्षण और युवाओं की मेहनत का परिणाम है।

वहीं मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि उपराष्ट्रपति का आगरा आगमन और उनका स्वागत हमारे लिए सौभाग्य का विषय है। ‘अतिथि देवो भव’ हमारी संस्कृति, सभ्यता और संस्कार की जीवंत परंपरा है। उपराष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार आगरा आगमन पर उनका स्वागत एवं विदाई करना उत्तर प्रदेश सरकार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा और संस्कार तीनों के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उन्हें अनुशासित और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने उपराष्ट्रपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से खिलाड़ियों का उत्साह और आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा है।