उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी में दो घंटे में दो एनकाउंटर, डकैत जुबैर के बाद सिराज को किया गया ढेर

यूपी में दो घंटे में दो एनकाउंटर, डकैत जुबैर के बाद सिराज को किया गया ढेर

बुलंदशहर: उत्‍तर प्रदेश में रविवार सुबह पुलिस ने दो घंटे के अंदर दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर कर दिए। पहला एनकाउंटर सुबह 3 बजे बुलंदशहर में हुआ। यहां पुलिस ने 50 हजार के इनामी डकैत जुबैर उर्फ पीटर को एनकाउंटर में गोली मारकर ढेर कर दिया। पुलिस ने 15 किलोमीटर तक बदमाश का पीछा किया और फिर मार गिराया।

वहीं, दूसरा एनकाउंटर बुलंदशहर से 200 किमी दूर सहारनपुर में सुबह 5 बजे हुआ। यहां STF ने हिस्ट्रीशीटर सिराज को मार गिराया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था। सिराज ने सुल्तानपुर में सरेराह वकील की गोली मारकर हत्या की थी। सिराज माफिया मुख्तार अंसारी के डी-68 गैंग का मेंबर था। 9 महीने पहले उसकी 4.66 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हुई थी।

सहारनपुर एनकाउंटर के बारे में

यूपी एसटीएफ को सूचना मिली थी कि सहारनपुर के गंगोह में सिराज किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही STF ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में STF की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिराज सुल्तानपुर का रहने वाला था। उस पर हत्या, लूट, डकैती समेत 30 मुकदमे दर्ज थे।

8 अगस्त, 2023 की शाम सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले वकील आजाद अहमद की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। पुलिस जांच में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी सिराज अहमद सामने आया था। घटना के बाद से वह फरार हो गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। इसके बाद पुलिस ने सिराज अहमद पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया। उसकी गिरफ्तारी के लिए यूपी STF को लगाया गया था। कई जिलों में लगातार दबिश के बावजूद सिराज पुलिस की पकड़ से बाहर था।

बुलंदशहर एनकाउंटर के बारे में

बुलंदशहर पुलिस को शनिवार रात इनपुट मिला था कि 35 साल का जुबैर अपने साथी के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने स्याना रोड पर जसनावली के पास गाड़ी चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर जुबैर अपने साथी के साथ आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका। पुलिस ने उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मेरठ की तरफ भागने लगे।

पुलिस बदमाशों का पीछा करती रही और कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजा कि बदमाश भाग रहे हैं। टीम सैल्टन बंबा रोड पर पहुंची, जहां थाना गुलावठी की पुलिस ने बदमाशों को आगे से घेर लिया। पीछे से पीछा कर रही टीम भी पहुंच गई। दोनों तरफ से घेरने के बाद सरेंडर करने को कहा गया, लेकिन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें एक पुलिसवाले के हाथ में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में जुबैर को गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर गया, जबकि दूसरा बदमाश कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जुबैर और पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां जुबैर को मृत घोषित कर दिया गया।

जुबैर पर घोषित हुआ था 50 हजार का इनाम

एसएसपी दिनेश सिंह ने बताया कि जुबैर ने अपने साथियों के साथ मिलकर 2 नवंबर को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में एक व्यक्ति से मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और नकदी की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसी साल 7 अक्टूबर को जुबैर ने गुलावठी के बकरा फार्म से 18 बकरे चोरी किए थे। इसके बाद डीआईजी मेरठ ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

जुबैर पर बिजनौर, मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद, हापुड़, आंबेडकरनगर, जौनपुर, दिल्ली और उत्तराखंड के कई थानों में 60 मुकदमे दर्ज थे। इनमें लूट, डकैती, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। उसके पास से पिस्टल, जिंदा और खाली कारतूस, 6 मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *