दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

दिल्ली एयरपोर्ट पर पैसेंजर से मारपीट, घटना वायरल होने पर पायलट सस्पेंड

दिल्ली एयरपोर्ट पर पैसेंजर से मारपीट, घटना वायरल होने पर पायलट सस्पेंड

नई दिल्‍ली: दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर ऑफ-ड्यूटी पायलट ने एक यात्री से मारपीट की। इस घटना के बाद यात्री ने सोशल मीडिया पर अपने साथ हुए हादसे की जानकारी शेयर की। साथ ही पायलट के कपड़ों और अपने चोटिल चेहरे की तस्वीर भी पोस्ट की। घटना के सामने आते ही सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल को सस्पेंड कर दिया है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा है कि पायलट ड्यूटी पर नहीं था। वह दूसरी फ्लाइट का पैसेंजर था। हमने उसे हटा दिया है, जांच पूरी होने पर कार्रवाई होगी। घटना के बाद यात्री अंकित दीवान ने एक पोस्ट लिखा- ‘मुझ पर मामला खत्म करने का दबाव बनाया गया। जबरदस्ती लेटर लिखवाया। अगर मैं ऐसा नहीं करता तो मुझे फ्लाइट छोड़नी पड़ती।’

अंकित ने ये भी बताया कि मेरी 7 साल की बेटी ने अपने पिता को पिटते और मेरे खून से सने चेहरे को देखा। इसके बाद से वह सदमे में है। पैसेंजर ने शनिवार को एक और पोस्ट में पायलट का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि मुझे उम्मीद है कि एयरलाइन आगे की कार्रवाई करेगी।

पैंसेजर ने पोस्ट में गिनाईं समस्याएं

  • उसकी छुट्टियां खराब हो गईं, और घटना के बाद उसे डॉक्टर के पास जाना पड़ा।
  • बेटी सदमे में है। एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें बेटी के रोने की आवाज है।
  • क्या एयरलाइन को ऐसे पायलटों को फ्लाइट उड़ाने की इजाजत देनी चाहिए।
  • दिल्ली एयरपोर्ट पर स्टाफ एंट्री को बच्चों वाले यात्रियों के साथ मिला देना सुरक्षा से भी समझौता है।
  • लेटर लिखने मजबूर किया गया, जिसमें लिखा था कि वह इस मामले को आगे नहीं बढ़ाएंगे।
  • पत्नी फर्स्ट एड के लिए रिक्वेस्ट करती रही। प्रॉपर फर्स्ट एड 45 मिनट बाद मिल सका।
  • दिल्ली पुलिस ने भी शिकायत दर्ज नहीं की, वापस आने पर करेगी, इसकी गारंटी नहीं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मांगी माफी

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने ऑफिशियल X हैंडल के जरिए माफी मांगी है। पोस्ट में लिखा है- हमें दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई घटना पर गहरा खेद है, जिसमें हमारा एक कर्मचारी शामिल था। पीड़ित के साथ हमारी सहानुभूति है और हम ऐसे व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से ऑफिशियल ड्यूटी से हटा दिया गया है। जांच पूरी होने पर कार्रवाई की जाएगी।

एयरलाइन ने दावा किया कि पूरी जांच होने तक उचित कार्रवाई करेगी। वह निष्पक्ष और सख्त एक्शन को लेकर कानूनी अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेगी।

दिल्ली पुलिस बोली- अभी शिकायत नहीं मिली, आई तो कार्रवाई करेंगे

वहीं, दिल्ली पुलिस ने शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल 1 पर पायलट की अंकित दीवान से हुई मारपीट की शिकायत मिलने से इनकार किया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले की जानकारी न तो दीवान ने और न ही एयरलाइन ने पुलिस स्टेशन को दी है। यह मामला सोशल मीडिया के जरिए सामने आया। पुलिस ने कहा कि पीड़ित से लिखित शिकायत मिलने के बाद वे उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे।

एयरपोर्ट पर यात्रियों के अधिकार

  • सुरक्षा और सम्मान: एयरपोर्ट पर कोई भी स्टाफ, ऑफ-ड्यूटी कर्मचारी या यात्री मारपीट, धमकी या गाली नहीं दे सकता।
  • मेडिकल और फर्स्ट एड: एयरपोर्ट पर 24×7 मेडिकल सुविधा अनिवार्य है और घायल होने पर तुरंत मदद मांगी जा सकती है।
  • शिकायत का अधिकार: यात्री CISF, एयरपोर्ट अथॉरिटी या एयरलाइन से लिखित/ ईमेल शिकायत कर सकते हैं, जबरन लेटर लिखवाना गैरकानूनी है।
  • CCTV फुटेज: गंभीर घटना में यात्री CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग कर सकते हैं, यह जांच का अहम सबूत होता है।
  • विशेष अधिकार: बच्चों, महिलाओं और सीनियर सिटीजन को अलग सहायता, प्राथमिकता और संवेदनशील व्यवहार का अधिकार है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *