उत्तर प्रदेश, राजनीति

कोडीन सिरप केस: दुबई में बैठे सरगना को इलाहाबाद हाईकोर्ट से झटका, गिरफ्तारी पर रोक वाली 22 याचिकाएं खारिज

कोडीन सिरप केस: दुबई में बैठे सरगना को इलाहाबाद हाईकोर्ट से झटका, गिरफ्तारी पर रोक वाली 22 याचिकाएं खारिज

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप की तस्करी के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से सरगना शुभम जायसवाल सहित सभी आरोपियों को झटका लगा है। जस्टिस सिद्धार्थ वर्मा और जस्टिस अचल सचदेव की डिवीजन बेंच ने FIR रद्द करने और गिरफ्तारी पर रोक की मांग वाली 22 याचिकाओं को खारिज कर दिया है। यानी अब किसी भी समय पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी कर सकती है।

25 हजार रुपये का इनामी शुभम जायसवाल दुबई में छिपा हुआ है। इस अवैध कारोबार के नेटवर्क में शामिल 6 बड़े चेहरे और 68 अन्य गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। 2 दिसंबर को मामले में ED की एंट्री हुई। मनी लॉन्ड्रिंग एंगल पर जांच चल रही है। एजेंसी के निशाने पर 50 आरोपी हैं।

25 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी

एक हफ्ते पहले ED ने लखनऊ, रांची और अहमदाबाद समेत देशभर में सिंडिकेट से जुड़े आरोपियों के 25 ठिकानों पर छापेमारी की थी। STF के बर्खास्त सिपाही आलोक प्रताप सिंह की लखनऊ की कोठी, सहारनपुर के राणा बंधु विभोर और विशाल के ठिकानों, शुभम जायसवाल और उसके सहयोगियों के घर खंगाले थे।

सरकार के वकील अपर महाधिवक्ता अनूप त्रिवेदी ने कहा कि कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट नामक तत्व मिला है, जिसका उपयोग सिर्फ नशे के लिए किया जा रहा था। इसलिए मामला NDPS एक्ट का है, जिसके प्रावधानों का याचियों ने उल्लंघन किया। फर्जी फर्म बनाकर सिर्फ कागज पर ट्रांजैक्शन दिखाए गए। वास्तव में कफ सिरप को चोरी-छिपे नशे के लिए कई राज्यों में भेजा गया।

कोडीन युक्त कफ सिरप के नेटवर्क का कैसे हुआ खुलासा?

उत्‍तर प्रदेश में सबसे पहली FIR सोनभद्र जिले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में 18 अक्टूबर को दर्ज हुई थी। सोनभद्र एसपी अभिषेक वर्मा के अनुसार, दीपावली का समय था। वाहनों की चेकिंग पर सख्ती बरती जा रही थी। 18 अक्टूबर की रात में एक्साइज विभाग के साथ पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक ट्रक को रोका गया। उसमें नमकीन भरा था। ट्रक त्रिपुरा जा रहा था। ड्राइवर के पास नमकीन के ही बिल थे। नमकीन के बीच में कोडीन कफ सिरप की शीशियां छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने 3.5 करोड़ की 1.19 लाख शीशियां जब्त कीं।

ट्रक ड्राइवर हेमंत पाल, बृजमोहन शिवहरे और एमपी के ट्रांसपोर्टर रामगोपाल धाकड़ की गिरफ्तारी हुई थी। त्योहार के चलते तीनों से बिना पूछताछ किए पुलिस ने जेल भेज दिया। त्योहार के बाद पुलिस ने ट्रक ड्राइवरों और ट्रांसपोर्टर से जेल में पूछताछ की। तब पता चला कि कोडीन कफ सिरप की ये शीशियां गाजियाबाद में लोड हुई थीं।

मेरठ से सौरभ त्‍यागी को पकड़ा

पुलिस ने मेरठ से सौरभ त्यागी को दबोचा। इसके बाद वसीम और आसिफ के बारे में पता चला। पूछताछ के आधार पर टीम ने एक ट्रक रांची में और चार ट्रक गाजियाबाद से जब्त किए। यहां चूने और चावल की बोरियों के बीच कफ सिरप की शीशियां छिपाकर रखी गई थीं। इसी पूछताछ में दुबई में छिपे आसिफ और वसीम के साथ शुभम जायसवाल का नाम पहली बार आया। इन तीनों के खिलाफ ही गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में इसकी एफआईआर दर्ज है। ये भी पता चला कि शुभम के जरिए वसीम और आसिफ कोडीन युक्त सिरप की शीशियां बांग्लादेश तक पहुंचाते हैं।

शुभम जायसवाल पर क्या आरोप हैं?

अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल और उसके पिता भोला जायसवाल सहित काशी के 28 दवा कारोबारियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोप है कि 100 करोड़ की 89 लाख शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप खरीदी और बेची गई। काशी के ही 93 मेडिकल स्टोर के नाम पर 84 लाख शीशी प्रतिबंधित कप सिरप खरीदी-बेची गई है। जिस मेडिकल स्टोर के नाम पर कारोबार दिखाया गया, उनमें से ज्यादातर मौके पर नहीं मिले। इसके बाद बंगाल और बांग्लादेश तक फैले इस अवैध कारोबार के नेटवर्क के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि 9 बंद फर्मों को कफ सिरप बेचा गया। इनमें मेसर्स सृष्टि फार्मा, जीटी इंटरप्राइजेज, शिवम फार्मा, हर्ष फार्मा, डीएसए फार्मा, महाकाल मेडिकल स्टोर, निशांत फार्मा, वीपीएम. मेडिकल एजेंसी और श्री बालाजी मेडिकल के नाम शामिल हैं। आयुक्त के अनुसार, सिर्फ कोडीन युक्त सिरप की खरीद-बिक्री के लिए ही फर्जी फर्में बनाई गईं। सोनभद्र, जौनपुर, वाराणसी, गाजियाबाद, चंदौली सहित अन्य जनपदों में भी शुभम जायसवाल के खिलाफ केस दर्ज हैं।

हाथ जोड़कर खुद को बताया था बेगुनाह

किंगपिंग शुभम जायसवाल ने 14 दिन पहले वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया था। कहा था- मैंने कोई जहरीली सिरप नहीं बेची। मेरी द्वारा बेची गई दवाओं से बच्चों की मौत नहीं हुई। मैं क्लियर करना चाहता हूं, ये सभी बातें झूठी हैं। फेंसिडिल (Phensydil) सिरप न तो जहरीली है, न ही प्रतिबंधित है। न ही इससे बच्चों की मौत हुई है।

सपा प्रमुख अखिलेश और अन्य नेताओं से मैं कहना चाहता हूं कि ऐसी राजनीति न करें। लोगों को भ्रम में न डालें। मैं सीएम योगी से हाथ जोड़कर कहता हूं कि मैं बेगुनाह हूं। मुझे फंसाया जा रहा है। सीएम जी, हमारी मदद कीजिए। आप जांच करा लीजिए। मेरे पास हर तरह के सबूत हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *