उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली में जिला अस्पताल रोड पर चला बुलडोजर, नावेल्टी चौराहे से अस्पताल तक हटा अतिक्रमण

बरेली में जिला अस्पताल रोड पर चला बुलडोजर, नावेल्टी चौराहे से अस्पताल तक हटा अतिक्रमण

बरेली: शहर के जिला अस्पताल रोड पर गुरुवार (18 दिसंबर) को नगर निगम का बुलडोजर चला। निगम के प्रवर्तन दल की टीम जैसे ही बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य सामान की दुकानें लगाए दुकानदार अपना-अपना सामान समेटते हुए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ ही मिनटों में रोड का नजारा पूरी तरह बदल गया।

नगर निगम की टीम ने नावेल्टी चौराहे से लेकर जिला अस्पताल गेट तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लगी रेहड़ियां, ठेले और अस्थायी दुकानें हटाई गईं। प्रवर्तन दल ने बताया कि यह कार्रवाई ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने और अस्पताल रोड को जाम मुक्त बनाने के लिए की गई है।

अस्पताल रोड पर रोज लगता है अस्थायी बाजार

दरअसल, जिला अस्पताल रोड पर रोजाना कपड़ों और जूते-चप्पलों का अस्थायी बाजार लग जाता है। दुकानों के सड़क तक फैल जाने से राहगीरों और वाहनों को निकलने में भारी दिक्कत होती है। सबसे बड़ी परेशानी तब होती है, जब एम्बुलेंस इस रोड पर जाम में फंस जाती है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि जिला अस्पताल रोड से पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाया जा चुका है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से सड़क किनारे दुकानें सज जाती हैं। इसी कारण नगर निगम को बार-बार अभियान चलाना पड़ता है। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने कई रेहड़ी-पटरी वालों का सामान जब्त किया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया। टीम ने मौके पर सख्त चेतावनी दी कि अब चेतावनी के बाद किसी को रियायत नहीं दी जाएगी।

दोबारा अतिक्रमण पर एफआईआर की चेतावनी

नगर निगम ने साफ किया है कि यदि दोबारा जिला अस्पताल रोड पर अतिक्रमण किया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल रोड को हर हाल में खाली और सुगम रखा जाएगा, जिससे मरीजों और एम्बुलेंस को किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *