MP-राजस्थान के 38 शहरों में तापमान 10° से कम, दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर

MP-राजस्थान के 38 शहरों में तापमान 10° से कम, दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर

नई दिल्‍ली: मध्य प्रदेश और राजस्थान में शीतलहर जैसे हालात है। दोनों राज्यों के 19-19 शहरों में मंगलवार को तापमान 10° सेल्सियस से कम रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान के गंगानगर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नागौर में पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्‍तर प्रदेश के 19 जिलों में बुधवार को शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहा। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसी पड़ रही थीं। लखनऊ, गोंडा, संभल, चंदौसी में विजिबिलिटी शून्य रिकार्ड की गई। सड़कों पर 10 मीटर दूर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार रात घने कोहरे के साथ तापमान माइनस 1.8°C पहुंच गया।

मध्य प्रदेश में फिर शीतलहर का दौर, 5 जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश में एक बार फिर से शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। भोपाल, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर-सीहोर में बुधवार को शीतलहर का अलर्ट है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर समेत 22 जिलों में घना कोहरा छाएगा। कोहरे की वजह से ट्रेनें-फ्लाइट भी डिले हो रही हैं। मंगलवार को छतरपुर के नौगांव में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 500 से 1 हजार मीटर के बीच रही।

बिहार में 22 दिसंबर से शीतलहर का अलर्ट

बिहार के कई जिले बुधवार को भी कोहरे के चपेट में रहे। पटना, बेतिया, गोपालगंज, सीतामढ़ी समेत 12 जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। बांका में मंगलवार को कोहरे के कारण 2 बाइक में टक्कर हो गई, जिसमें एक की मौत हो गई। समस्तीपुर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, 19 दिसंबर के बाद राज्य में सर्दी का असर बढ़ सकता है। 22 दिसंबर के बाद बिहार में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।

राजस्थान के 3 जिलों में घना कोरा

राजस्थान में भीषण सर्दी के साथ कोहरे का असर जारी है। गंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। घने कोहरे के कारण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। मंगलवार को बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, जैसलमेर में घना कोहरा रहा। गंगानगर में मंगलवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फतेहपुर में सबसे ठंडी रात रही, जहां का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज हुआ।

वहीं, दिल्ली में धुंध के कारण IGI एयरपोर्ट पर 10 फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। दिल्ली मंगलवार को दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर था। यहां AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 378 दर्ज किया गया। 425 AQI के साथ लाहौर पहले, सरायेवो (बोस्निया हर्जेगोविना) दूसरे नंबर पर रहा।

राज्‍यों में मौसम का असर

कोहरापंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा।

शीतलहर कर्नाटक और तेलंगाना।

Post Comment

You May Have Missed