यूपी में कोहरे के चलते हुए चार हादसे, 31 गाड़ियां टकराईं; दो शहरों में 5वीं तक स्कूल बंद

यूपी में कोहरे के चलते हुए चार हादसे, 31 गाड़ियां टकराईं; दो शहरों में 5वीं तक स्कूल बंद

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में अब पछुआ हवा भी चलने लगी है। इससे तेजी से पारा लुढ़केगा। सोमवार सुबह से वाराणसी, बरेली, अयोध्या, जौनपुर, मेरठ और गोरखपुर सहित 20 शहर कोहरे की चादर में लिपटे हैं। आगरा का ताजमहल सीजन में पहली बार धुंध में छिप गया। पर्यटकों को 10 मीटर दूर से भी दिखाई नहीं दिया।

वहीं, कोहरे के चलते चार सड़क हादसे हुए। इनमें 31 गाड़ियां टकराईं और 11 लोग घायल हो गए। रविवार को 6 सड़क हादसों में 29 गाड़ियां टकरा गई थीं, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, शनिवार को 8 हादसे हुए थे। 40 गाड़ियां टकराईं और चार लोगों की जान चली गई थी। यानी तीन दिनों में 100 गाड़ियां टकरा चुकी हैं।

आज कहां-कहां हुए हादसे?

  • हापुड़: कोहरे के चलते सात गाड़ियां भिड़ गईं। हाईवे पर बस ने अचानक ब्रेक मारी। पीछे चल रही ईको कार का ड्राइवर जब तक कुछ समझ पाता, तब तक कार टकरा गई। इसके बाद चार और कारें आपस में भिड़ गईं। एक बाइक सवार भी आकर टकरा गया। हादसे में पति-पत्नी और बेटे को मामूली चोटें आई हैं।
  • मैनपुरी: चार ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए। ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। ड्राइवर धर्मवीर ने बताया कि अचानक एक ट्रैक्टर सामने आ गया, जो कोहरे के कारण नजर नहीं आया। इससे ट्रक बेकाबू हो गया। तभी पीछे से आ रहे तीन ट्रक आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि रफ्तार धीमी थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
  • ग्रेटर नोएडा: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दो हादसे हुए, जिनमें 10 लोग घायल हुए। पहला हादसा गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास हुआ, जिसमें 12 गाड़ियां टकराईं। दूसरा हादसा दादोपुर गांव के पास हुआ, जहां 8 गाड़ियां आपस में भिड़ गईं।

गाजियाबाद में ग्रैप-4 लागू

गाजियाबाद-नोएडा में आज सुबह AQI 463 दर्ज किया गया। प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए गाजियाबाद में ग्रैप-4 लागू है, जिसके तहत सभी निर्माण इकाइयों और निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है। डीजल के BS-4 और पेट्रोल के BS-3 वाहनों के संचालन पर भी रोक है। आज से कक्षा 5 तक सभी बोर्ड की कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी।

वहीं, रविवार की बात करें तो सुबह घने कोहरे की वजह से आगरा और प्रयागराज में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। अलीगढ़ में 30 मीटर, जबकि वाराणसी, बलिया, सोनभद्र और मुरादाबाद में विजिबिलिटी 50 मीटर तक रही। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह का कहना है कि सोमवार से हवा का रुख बदल गया है। पछुआ हवा चल रही है। इसके असर से दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, कोहरा कुछ कम भी होगा।

3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

  • 16 दिसंबर: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रह सकता है। हल्की धूप निकलेगी। पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है। हवा की स्पीड 20 किमी/घंटा तक हो सकती है।
  • 17 दिसंबर: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोहरा रहेगा। दृश्यता 100 मीटर तक रह सकती है। सर्द हवाओं से गलन बरकरार रहेगी।
  • 18 दिसंबर: पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा पड़ सकता है। पूर्वी यूपी में भीषण कोहरा देखने को मिल सकता है। दृश्यता शून्य से 100 मी. तक रह सकती है।
Previous post

बहेड़ी के सेमीखेड़ा चीनी मिल में धीमी पेराई से किसान परेशान, उपसभापति बोले- सुधार के प्रयास जारी

Next post

बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए वीडियो बनाने वाले शख्स को सोहेल खान ने दी गाली, अब मांगी माफी

Post Comment

You May Have Missed