Rahul Gandhi: दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस की विशाल रैली को राहुल गांधी ने संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने आरएसएस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। मैंने सवाल पूछे तो चुनाव आयोग ने कोई जवाब नहीं दिया।
राहुल गांधी ने आरएसएस-भागवत को घेरा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “जब मैं यहां आ रहा था तो मुझे बताया गया कि अंडमान निकोबार में मोहन भागवत ने एक बयान दिया है। गांधीजी कहते थे कि सत्य सबसे जरूरी चीज है, हमारे धर्म में सत्य को सबसे जरूरी माना जाता है, लेकिन मोहन भागवत का बयान सुनिए- ‘विश्व सत्य को नहीं, शक्ति को देखता है, जिसके पास शक्ति है उसे माना जाता है।’ यह मोहन भागवत की सोच है, यह RSS की विचारधारा है। हमारी, हिंदुस्तान, हिंदू धर्म और दुनिया के हर धर्म की विचारधारा यह कहती है कि सत्य सबसे जरूरी है, लेकिन मोहन भागवत कहते हैं सत्य का कोई मतलब नहीं है, सत्ता जरूरी है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि हम सत्य को लेकर, सत्य के पीछे खड़े होकर, नरेंद्र मोदी, अमित शाह, आरएसएस की सरकार को सत्ता से हटाएंगे।”
चुनाव आयोग-भाजपा सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में आगे कहा, “उनके (भाजपा) पास सत्ता है, वे वोट चोरी करते हैं, चुनाव के समय वे 10 हजार रुपये देते हैं, उनके चुनाव आयुक्त हैं- ज्ञानेश कुमार, डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी… चुनाव आयोग-भाजपा सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इनके लिए कानून बदला, नया कानून लेकर आए और कहा कि चुनाव आयुक्त कुछ भी करे उनपर एक्शन नहीं लिया जा सकता, उनपर कार्रवाई नहीं हो सकती। हम इस कानून को बदलेंगे और आपके खिलाफ एक्शन लेंगे क्योंकि हम सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं और आप असत्य के साथ खड़े हो।”
राहुल गांधी ने आगे कहा, “इसमें समय लग सकता है, लेकिन भारत में सत्य की जीत होगी। हम सत्य के मार्ग पर चलते हैं और हम उन्हें सत्ता से बेदखल कर देंगे। प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास हिल गया है क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि उनकी वोट चोरी पकड़ी गई है। वोट चोरी भारत के संविधान पर सबसे बड़ा हमला है। अगर उन्होंने वोट चोरी नहीं की होती तो आप उन्हें 5 मिनट में सत्ता से बेदखल कर देते।”