उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति

यूपी में कोहरे के कहर से बढ़ने लगे हादसे, दिल्‍ली-NCR में प्रदूषण; जानिए अगले तीन दिनों का हाल

यूपी में कोहरे के कहर से बढ़ने लगे हादसे, दिल्‍ली-NCR में प्रदूषण; जानिए अगले तीन दिनों का हाल

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में शीतलहर के चलते ठंड बढ़ गई है। शनिवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी, बरेली और गोरखपुर सहित 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। सड़कों पर 10 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। कानपुर लगातार दूसरे दिन सबसे ठंडा रहा। यहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे के चलते 8 सड़क हादसे हुए। इसमें 38 गाड़ियां टकराईं। 4 की जान चली गई है और 22 लोग घायल हैं।

इन जगहों पर हुए हादसे

  • नोएडा में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर 15 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। पहले ट्रक और कार की टक्कर हुई, इसके बाद 13 और गाड़ियां एक-दूसरे से भिड़ती चली गईं। हादसे में 6 लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
  • सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़ी वैगनआर में स्कॉर्पियो आकर भिड़ गई। पीछे से ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। एक महिला का सिर फट गया।
  • उन्नाव में रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो सवार तीन की मौके पर ही मौत हो गई। लाशें सड़क पर 10 मीटर दूर तक बिखर गईं।
  • बुलंदशहर में हाईवे पर 8 गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे 10 यात्री घायल हो गए।
  • अमरोहा में चार गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। एक व्यक्ति की मौत हो गई। पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली एक बस में घुसी, इसके बाद पीछे से दो कारें भी टकरा गईं।
  • प्रतापगढ़ में स्कूली बस और कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। बस बच्चों को लेने जा रही थी, जिसमें दो-तीन बच्चे सवार थे। हालांकि, किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।
  • मऊ में कोहरे के कारण तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
  • रायबरेली में ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए लटक गया। हादसे में ट्रक के पहिए टूटकर बिखर गए। ड्राइवर ने ट्रक से कूदकर जान बचाई।

दिल्‍ली-एनसीआर में प्रदूषण

इधर, दिल्ली-एनसीआर में हवा प्रदूषित हो गई है। गाजियाबाद शहर का AQI 422 और सहारनपुर का 303 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 2–3 दिनों के लिए पूर्वांचल के उत्तरी जिलों और पश्चिमी यूपी के तराई क्षेत्रों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 3 डिग्री तक पारा गिरने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। पुरवा हवाएं चलेंगी और हल्के बादल छाएंगे। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी।

तीन दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

14 दिसंबर: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोहरा रहेगा। दृश्यता 100 मीटर तक रह सकती है। कहीं-कहीं हल्की बारिश के भी आसार हैं।

15 दिसंबर: पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा पड़ सकता है। पूर्वी यूपी में भीषण कोहरा देखने को मिल सकता है। दृश्यता शून्य से 100 मी. तक रह सकती है।

16 दिसंबर: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रह सकता है। पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है। हवा की स्पीड 20 किमी/घंटा तक हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *