नई दिल्ली: भारत दौरे पर आए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 24 घंटे में तीन बार मुलाकात की है। दोनों नेताओं ने साथ में प्राइवेट डिनर, द्विपक्षीय बातचीत, जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस और इंडिया-रूस बिजनेस फोरम की बैठक को संबोधित किया। शुक्रवार शाम रूसी राष्ट्रपति पुतिन आईटीसी मौर्या होटल से राष्ट्रपति भवन पहुंचे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने रूसी राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया है, जिसमें राष्ट्रपति पुतिन शामिल होंगे और इसके बाद वे स्वदेश रवाना हो जाएंगे।
Russian President Putin meets Indian President Murmu pic.twitter.com/9cdZfSJXBD
— Sidhant Sibal (@sidhant) December 5, 2025
मोदी ने पुतिन के दौरे का वीडियो शेयर किया
पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति के विजिट का वीडियो एक्स पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।
President Putin’s visit will add vigour to India-Russia ties….@KremlinRussia_E pic.twitter.com/NPUSZKAGgA
— Narendra Modi (@narendramodi) December 5, 2025
भारत-रूस के बीच 19 समझौतों पर मुहर
इससे पहले भारत-रूस के बीच 19 समझौतों पर मुहर लगी हैं। इनका मकसद भारत-रूस व्यापार बढ़ाना है। भारत-रूस के बीच शिप बिल्डिंग, भारतीय नाविकों को बर्फीले (पोलर) समुद्री इलाकों में जहाज चलाने की ट्रेनिंग, नई शिपिंग लेन पर निवेश, सिविल न्यूक्लियर ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) पर समझौते और MoU साइन किए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने रूस को सबसे करीबी सहयोगियों में से एक बताया है। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच दोस्ती को ध्रुव तारे की तरह स्थिर और अटल है। वहीं, पुतिन ने कहा कि उनकी टीम सिर्फ तेल और गैस पर बात करने या सौदे करने के लिए भारत नहीं आई है। वे भारत के साथ हर क्षेत्र में रिश्ते और व्यापार बढ़ाना चाहते हैं।
मोदी-पुतिन की 10 बड़ी बातें…
पीएम मोदी
- ‘मेक इन इंडिया’ के तहत जहाज निर्माण में सहयोग।
- यूरेशियन आर्थिक संघ के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट समझौते (FTA) के लिए काम कर रहे।
- रूसी नागरिकों के लिए 30-दिन का फ्री ई-टूरिस्ट वीजा और 30-दिन का ग्रुप टूरिस्ट वीजा।
- रूस में भारत के दो नए वाणिज्य दूतावास (कांसुलेट) खोले गए हैं।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन
- फ्यूल सप्लाई बिना रोक-टोक जारी रखेंगे।
- भारत-रूस का बिजनेस 1 साल में 12% बढ़ा।
- भारत-रूस के बीच 60 अरब डॉलर का व्यापार हो रहा, 100 अरब डॉलर करने का टारगेट।
- रूस-भारत मिलकर भारत में सबसे बड़ा न्यूक्लियर पावर प्लांट बना रहे।
- नए अंतरराष्ट्रीय ट्रांसपोर्ट रूट बना रहे हैं। बेलारूस से सामान सीधे हिंद महासागर पहुंचेगा।
- भारत में रूस टुडे (RT) चैनल लॉन्च किया जाएगा।
भारत-रूस के बीच 7 बड़े समझौते
- मैनपावर मोबिलिटी व्यवस्था
- हेल्थकेयर और मेडिकल एजुकेशन
- फूड सेफ्टी और स्टैंडर्ड
- जहाज निर्माण
- समुद्री सुरक्षा और निगरानी
- कृषि और फर्टिलाइजर
- परमाणु ऊर्जा सहयोग
रूसी फर्स्ट डिप्टी PM बोले- पुतिन का दौरा सकारात्मक रहा
रूस के फर्स्ट डिप्टी प्रधानमंत्री डेनिस मेंटुरोव ने कहा कि पुतिन की भारत यात्रा दोनों देशों के लिए बेहद सकारात्मक रही। मेंटुरोव ने कहा, “हम भारतीय कंपनियों के साथ द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाना चाहते हैं ताकि व्यापार संतुलित हो सके। भारत और रूस दोनों ही देशों में मिलकर औद्योगिक विकास हमारे सहयोग का बड़ा क्षेत्र है।”
उन्होंने भारतीय कंपनियों से कहा कि वे रूस में अपने उपयुक्त बिजनेस पार्टनर तलाशें। मेंटुरोव ने यह भी बताया कि अगले साल रूस में होने वाले एक्सहिबिशंस में वे भारतीय कंपनियों की भागीदारी की उम्मीद कर रहे हैं।