UP Politics: समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पैर छुए। केशव प्रसाद ने भी हाथ उठाकर उन्हें आशीर्वाद दिया। मीडिया से बातचीत विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद को अपना अभिभावक बताया। उन्होंने कहा कि पति राजू पाल की हत्या के मामले में योगी सरकार से मुझे न्याय मिला। इसी वजह से मैंने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की। भाजपा कब ज्वॉइन करेंगी, क्या भाजपा के टिकट पर शहर पश्चिम या चायल से चुनाव लड़ने का इरादा है? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे जो आदेश मिलता है, उसके अनुसार कार्य करती हूं। निर्णय भाजपा का शीर्ष नेतृत्व ही लेगा।
अखिलेश की बातों पर न दें ध्यान, आरक्षण खत्म होगा न ही संविधान : केशव मौर्य
उधर, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के एक बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव से लौटने के बाद अखिलेश अस्वस्थ हो गए हैं। उनका मानसिक संतुलन भी बिगड़ गया है। आरक्षण और संविधान कोई खत्म नहीं कर पाएगा। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार प्रयागराज पहुंचे केशव ने शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में संवाददाताओं से कहा कि अखिलेश 2027 में होने वाले चुनाव में खुद को सत्ता के करीब देख रहे थे पर 2047 में भी उनके आने की संभावना खत्म हो गई है।