Akhilesh Yadav: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए एसआईआर करा रही है. हमारी अपील है कि सब अपना वोट बनवाएं, कटने से बचाए वरना बीजेपी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान के अधिकार को छीनने की तैयारी में है. वोट का अधिकार छिना तो आरक्षण भी खत्म होगा. जनता के तमाम दूसरे अधिकार जो संविधान से मिल रहे है, वे भी छिन जाएंगे. अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग का काम है कि सभी मतदाताओं का मतदान का अधिकार छूटने न पाए, किसी का वोट कटे नहीं. लेकिन यहां तो उल्टा हो रहा है. बीजेपी सरकार के दबाव में चुनाव आयोग वोट काटने का काम ज्यादा कर रहा है. बिहार में एसआईआर में लाखों लोग मतदान से वंचित हो गए. उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में चुनाव इस वर्ष होने नहीं जा रहे हैं फिर इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई जा रही है?
PDA प्रहरी का संदेश:
अपना-अपना वोट बचाओ, ख़ुद फ़ार्म भरो औरों का भरवाओ! pic.twitter.com/dvQyrd8QH1
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 3, 2025
थाने से लेकर तहसील तक कहीं किसी की सुनवाई नहीं हो रही
अखिलेश यादव ने कहा बीजेपी सरकार का काम जनता को रोटी, रोजगार देना नहीं, लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाकर परेशान करना है. कई लोगों को वर्षों से न्याय नहीं मिल रहा है, मोहम्मद आजम खान, गायत्री प्रजापति, रमाकांत यादव जेल में है. ऐसे बहुत सारे समाजवादी, पीडीए परिवार के लोग हैं जिनके ऊपर अन्याय हो रहा है, झूठे मुकदमें लगा रहे हैं. अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी राज में भ्रष्टाचार थम नहीं रहा है. थाने से लेकर तहसील तक कहीं किसी की सुनवाई नहीं हो रही है. हिरासत में मौतों के मामले में उत्तर प्रदेश नम्बर एक है. फर्जी एनकाउण्टरों की रोकथाम नहीं है. विपक्षियों को खासकर, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को, फर्जी केसों में फंसाकर उन पर तमाम धाराएं लगाई जा रही हैं. पुलिस का रवैया जनविरोधी है, महिलाएं सबसे ज्यादा अपमानित हो रही है. बच्चियों तक से दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है.