स्पोर्ट्स डेस्क: साउथ अफ्रीका के क्रिकेटर फाफ डु प्लेसिस के बाद अब इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली ने भी आईपीएल 2026 में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। मोईन भी PSL 2026 में खेलेंगे। चार दिनों के भीतर ऐसा फैसला लेने वाले वे दूसरे विदेशी खिलाड़ी हैं।
इससे पहले 29 नवंबर को आरसीबी के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने आईपीएल से अपना नाम वापस लेकर PSL खेलने की घोषणा की थी। IPL का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होना है।
मोईन अली ने किया पोस्ट
सोशल मीडिया पर मोईन अली का ऐलान मोईन अली ने सोशल मीडिया पर अपने फैसले की जानकारी देते हुए लिखा- ‘मैं PSL के नए दौर में शामिल होने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। यह लीग दुनिया की शीर्ष T20 लीगों में से एक है। हर टीम में वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी हैं। पाकिस्तान में खेलना हमेशा शानदार अनुभव देता है। क्रिकेट का स्तर बेहतरीन है और दर्शकों का जुनून आपको अपना 100% देने पर मजबूर कर देता है। इंशाअल्लाह, एक और यादगार अनुभव की उम्मीद है।’

KKR ने किया था रिलीज
IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मोईन को 2 करोड़ की बेस प्राइस पर खरीदा था। IPL 2026 से पहले KKR ने 9 खिलाड़ियों को रिलीज किया, जिनमें मोईन भी शामिल थे। 2025 सीजन में उनका प्रदर्शन साधारण रहा। उन्होंने 6 मैचों में सिर्फ 6 रन बनाए और 6 विकेट हासिल किए।
2018 से IPL का हिस्सा
मोईन अली 2018 से IPL खेलते रहे हैं और RCB, CSK तथा KKR जैसी टीमों का हिस्सा रहे। अब तक वे 73 IPL मैच खेल चुके हैं, जिनमें 1167 रन बनाए और 41 विकेट लिए हैं। वे CSK के साथ 2021 और 2023 में दो बार IPL चैंपियन भी बने।