उत्तर प्रदेश, राजनीति

बिजनौर में हार्ट अटैक से BLO की मौत, अधिकारियों ने नकारी SIR के काम के प्रेशर की बात  

बिजनौर में हार्ट अटैक से BLO की मौत, अधिकारियों ने नकारी SIR के काम के प्रेशर की बात  

बिजनौर: उत्‍तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक बीएलओ की मौत हो गई है। यहां धामपुर के मोहल्ला बाड़वान के बूथ संख्या 97 पर तैनात बीएलओ शोभा रानी (56) की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मधुमेह से पीड़ित बीएलओ दो-तीन दिनों से तबीयत खराब होने के बाद भी एसआईआर (SIR) के काम में लगी थी। हालांकि, अधिकारियों ने काम की वजह से तनाव की बात को नकारा है।

कृपाल सैनी ने बताया कि उनकी पत्नी शोभा रानी बीमार चल रही थीं, लेकिन जब से एसआईआर प्रक्रिया शुरू हुई तब से काम का दबाव बढ़ गया था। देर रात तक बीएलओ कार्य में लगी रहती थीं। शनिवार सुबह शोभा रानी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए मुरादाबाद रेफर कर दिया। यहां लगभग साढ़े 11 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में भारी शोक है। मृतिका के एक पुत्री व पुत्र है।

बूथ पर थे 1003 फॉर्म

मृतिका के पुत्र दीपक सैनी ने बताया कि उनकी मां के बूथ पर कुल 1003 फॉर्म थे, जिनका वितरण करने के बाद 345 फार्म का कार्य पूरा कर दिया गया था। शेष बचे फार्मों को एकत्रित कर ऑनलाइन करने का कार्य किया जाना था।

जिला कार्यक्रम अधिकारी विमल चौबे ने भी घर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उनका कहना है कि एसआईआर कार्य को लेकर अधिकारियों की ओर से किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं था। पीड़ित परिवार को हर संभव विभागीय मदद दिलाई जाएगी।

घर में चल रही थी बेटे की शादी की तैयारी

पति कृपाल सैनी ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी हो चुकी है। अब बेटे की शादी होनी थी। परिवार इकलौते बेटे की शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस घटना के बाद परिवार में खुशियां आने से पहले ही दुखों का पहाड़ सा टूट गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *