मिर्जापुर में कोहरे के कारण हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी कार, पिता-पुत्र समेत चार की मौत
मिर्जापुर: प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां प्रयागराज से वाराणसी की तरफ जा रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क पार कर रहे चालक और खलासी को रौंदते हुए ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। चालक की मौके पर और खलासी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
घटना के बाद सड़क पर बिखरे शव देख लोगों के होश उड़ गए। मौके पर जिले के पुलिस अधिकारी पहुंच कर राहत बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कैसे हुआ हादसा?
कछवां थाना क्षेत्र के कटका हाईवे पर भारत पेट्रोलियम के पास अनियंत्रित होकर एक कार खड़े ट्रक में घुस गई, जिसमें सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक ड्राइवर व खलासी खाना खाने के बाद अपने ट्रक के पास जा रहे थे कि अनियंत्रित कार की चपेट में आ गए, जिससे ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे भदोही मंडलीय अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में खलासी ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों में कार में सवार पिता श्यामकृष्ण यादव और पुत्र अनुराग यादव के साथ ही अज्ञात ट्रक ड्राइवर व खलासी शामिल हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर ट्रक में घुसी कार को बाहर निकलवाया। मौके से तीन शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल खलासी को मंडलीय अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी भी मौत हो गई। घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे सीओ सदर अमर बहादुर ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल चार लोगों की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



Post Comment