Gorakhpur News: मिशन शक्ति 5.0 जागरूकता रैली का आयोजन, दिया गया बड़ा सन्देश
Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में मिशन शक्ति फेज़ 5.0 के अंतर्गत भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव तथा कुलपति प्रो. पूनम टंडन की उपस्थिति ने आयोजन की ऊर्जा और महत्व को और बढ़ाया। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण वातावरण का निर्माण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकार एवं सशक्तिकरण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना था। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स, शिक्षकों, पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर इन्नर व्हील क्लब ऑफ गोरखपुर, अग्रवाल महिला मंडल, रोटरी क्लब, जायसवाल क्लब, संगिनी क्लब सहित कई सामाजिक संगठनों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की। प्रतिभागियों ने पोस्टरों, नारों और जागरूकता संदेशों के माध्यम से महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता को प्रोत्साहित किया।

प्रभावशाली स्लोगन किये गए प्रस्तुत
शहर के विभिन्न महाविद्यालयों की छात्राओं एवं प्रतिनिधियों ने भी प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत करते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रति अपने समर्थन को स्वर दिया। रैली के समापन में NCC कैडेट्स और पुलिस विभाग ने अनुशासित संचलन के माध्यम से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। नोडल अधिकारी प्रो. मेजर विनिता पाठक सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक व विद्यार्थियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कुलपति प्रो. टंडन ने कहा कि मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित यह पहल समाज में ऐसा वातावरण निर्मित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां प्रत्येक लड़की और महिला सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस करे तथा अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ साकार कर सके।




Post Comment