लखनऊ में SIR को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े; राहुल बोले- BJP बनवा रही मनमाफिक वोटर लिस्ट

लखनऊ में SIR को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े; राहुल बोले- BJP बनवा रही मनमाफिक वोटर लिस्ट

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में अब तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की ड्यूटी में लगे चार कर्मचारियों की मौत हो चुकी है। फतेहपुर के लेखपाल और गोंडा के टीचर ने सुसाइड किया, जबकि लखनऊ में शिक्षामित्र की ब्रेन हैमरेज से और बरेली में बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत हुई। नोएडा की दो महिला टीचर्स ने काम के दबाव में इस्तीफा दे दिया।

गुरुवार को फतेहपुर के लेखपाल सुधीर कुमार कोरी के घर यूपी कांग्रेस अध्‍यक्ष अजय राय पहुंच रहे हैं। वे परिवार से मुलाकात करेंगे। लेखपाल संघ आज से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। इस बीच लखनऊ में युवा कांग्रेस के नेताओं और पुलिसकर्मियों में जमकर नोक-झोंक हुई।

लखनऊ में कांग्रेस का प्रदर्शन

कांग्रेसी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन के तहत पार्टी कार्यालय से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेसी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पुलिस ने घसीट-घसीट कर उन्हें नीचे उतारा और वैन में बैठाया।

दरअसल, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस ने आज हजरतगंज स्थित चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था। इसके मद्देनजर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात था।

राहुल बोले – ECI लोकतंत्र की हत्या का जिम्मेदार

गोंडा के टीचर विपिन यादव सुसाइड केस पर राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने X पर लिखा- OBC वोटरों के नाम काटो, वरना नौकरी चली जाएगी। दबाव, धमकी… और नतीजा? आखिर में आत्महत्या। SIR के नाम पर पिछड़े–दलित–वंचित–गरीब वोटरों को लिस्ट से हटाकर BJP अपनी मनमाफिक वोटर लिस्ट तैयार कर रही है। ECI लोकतंत्र की हत्या की जिम्मेदार है।

वहीं, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बीएलओ की मौतों और SIR पर कहा, “…अगर SIR की प्रक्रिया को डेढ़- दो साल में करे तो क्या दिक्कत है और उन राज्यों में जहां 1.5-2 साल में SIR होने वाला वहां न करें। तो ये लोकतंत्र की नींव है इसे क्यों चुनाव आयोग जल्दबाजी में करना चाहता है। क्यों वो मौन हैं, क्यों वो भाजपा का साथ दे रही है…ये मतदाता का अधिकार क्यों छीनना चाहती है क्या उन्हें जनता पर भरोसा नहीं है इसलिए बेईमानी से चुनाव जीतना है।”

Post Comment

You May Have Missed