नई दिल्ली: दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में एक पिटबुल डॉग के हमले में छह साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। हमले में बच्चे का एक कान कटकर अलग हो गया। उसके सिर, चेहरे और शरीर पर गहरे जख्म आए हैं। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई, अब इसका वीडियो वायरल है।
घटना 23 नवंबर की दोपहर 3 बजे के आसपास की है। पीड़ित परिवार के मुताबिक बच्चा अपने बड़े भाई के साथ गली में बॉल से खेल रहा था। बॉल पड़ोसी के घर की ओर चली गई थी। बच्चा जब उसे लेने जा रहा था, तभी पिटबुल ने अटैक कर दिया।


पिटबुल ने बच्चे का कान काट डाला
वीडियो में नजर आ रहा है कि पिटबुल बच्चे की ओर दौड़ता है। एक महिला उसे रोकने की कोशिश करती है, लेकिन रोक नहीं पाती। बच्चा भागता है, लेकिन पिटबुल उसे गिरा देता है और बुरी तरह से काटता है। पिटबुल बच्चे का दाहिना कान काटकर अलग कर देता है।


चश्मदीद सतीश के अनुसार, हमने बच्चे को पिटबुल से बचाया था। देखा तो बच्चे का कान कट गया था। उसे सुरक्षित अपने पास रखा। बच्चे के शरीर से खून बह रहा था। उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से बच्चे को सफदरजंग रेफर किया गया।


पिटबुल मालिक गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पिटबुल के मालिक राजेश पाल (50) को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ धारा 291 (पशुओं के प्रति लापरवाही) और धारा 125(b) (लापरवाही से दूसरों की जान को खतरे में डालना) के तहत केस दर्ज किया है। राजेश पेशे से दर्जी है।
परिवार के अनुसार, बच्चे के सिर, चेहरे पर और शरीर पर पिटबुल के काटने के 10 से ज्यादा गहरे घाव हैं। बच्चे के दादा ने कहा कि पिटबुल पहले भी 4-5 बच्चों पर हमला कर चुका है। हमने कई बार कहा कि इस कुत्ते को हटाया जाए, लेकिन कुछ नहीं हुआ।