पीएम मोदी 25 नवंबर को करेंगे राम मंदिर ध्वजारोहण, सीएम योगी ने परखी एक-एक चीज
अयोध्या: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में 25 नवंबर को होने वाले राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों को परखने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामजन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां उनकी मौजूदगी में ध्वजारोहण का ट्रायल सफलतापूर्वक हुआ। इसके दौरान ध्वज स्तंभ की तकनीकी क्षमता, रस्सी संचालन, सुरक्षा घेरा और भीड़ प्रबंधन की सूक्ष्मता से जांच की गई।
मुख्यमंत्री योगी ने राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों व अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने कहा कि ध्वजारोहण समारोह रामराज के आदर्शों, मर्यादा, सद्भाव और लोक कल्याण का साक्षात संदेश देगा। इसलिए किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

22 व 24 नवंबर को फिर आएंगे अयोध्या
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री 22 व 24 नवंबर को एक बार फिर अयोध्या आएंगे। इस दौरान वह सुरक्षा व्यवस्था, अतिथि प्रबंधन, यातायात योजना और मंच व्यवस्था की अंतिम समीक्षा करेंगे। ध्वजारोहण से जुड़े सभी विभागों को उनकी अगली समीक्षा तक शत-प्रतिशत तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने उन्हें ध्वजारोहण समारोह की तैयारी से अवगत कराया। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री किस रूट से राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश करेंगे, उसका भी निरीक्षण किया। पीएम मोदी सहित अन्य अतिथि आदि शंकराचार्य द्वार यानी गेट नंबर 11 से राम मंदिर में प्रवेश करेंगे। यह द्वार बनकर तैयार हो गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ भी मंगलवार को इसी द्वार से राम मंदिर पहुंचे। बैठक में राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्र, गोपाल राव, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण, एडीजी जोन सुजीत पांडेय, कमिश्नर राजेश कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फूंडे व एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित अन्य मौजूद रहे।
मनोजवं मारुततुल्य वेगं, जितेन्द्रियं बुद्धिमतां वरिष्ठं
वातात्मजं वानरयूथमुख्यं, श्री रामदूतं शरणं प्रपद्ये।।#UPCM @myogiadityanath ने आज अयोध्या धाम स्थित श्री हनुमान गढ़ी में हनुमान जी एवं श्रीराम मन्दिर में श्री रामलला सरकार के दर्शन-पूजन कर समस्त नागरिकों के सुखमय एवं… pic.twitter.com/CdS2dD6ABQ— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) November 18, 2025
मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी व रामलला के दरबार में टेका माथा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन से की। यहां उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। हनुमानगढ़ी में हनुमंतलला के समक्ष शीश नवाने के बाद मुख्यमंत्री राम मंदिर पहुंचे। यहां रामलला की आरती के बाद उन्होंने प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश झुकाया और परिक्रमा करते हुए मंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया।
दर्शन-पूजन के बाद राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें मंदिर निर्माण की वर्तमान स्थिति और आगामी चरणों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश भी दिए। श्रीरामलला के दर्शन के बाद जब मुख्यमंत्री बाहर निकले तो बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। सीएम योगी ने भी हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान जय श्रीराम के नारे से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।



Post Comment