-
गोवि में विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस पर जागरूकता रैली और एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित
Gorakhpur News: विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला अध्ययन केंद्र दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर हॉस्पिटल एवं इनर व्हील क्लब सेवा संस्थान के सहयोग से जागरूकता रैली एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीनेशन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय मुख्य द्वार से सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन से संबंधित जागरूकता रैली कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन (दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय) के आह्वान तथा महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक प्रो दिव्या रानी सिंह के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें डॉ. राजेश झा (सीएमओ गोरखपुर), डॉ. मधु गुलाटी (वरिष्ठ स्त्री प्रसूति रोग विशेषज्ञ),डॉ. वाई सिंह (आई एम ए सचिव गोरखपुर),डॉ. शिव शंकर शाही (आईएमए,पूर्व अध्यक्ष गोरखपुर), डॉ. सीमा शाही (डायरेक्टर शाही ग्लोबल हॉस्पिटल गोरखपुर), कविता त्रिपाठ (इनर व्हील की प्रेसिडेंट) आदि तथा छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। कस्तूरबा गांधी आवासी विद्यालय की छात्र-छात्राओं का एवं शिक्षकों का प्रमुख योगदान रहा। इस रैली का उद्देश्य महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, नियमित जांच और एचपीवी टीकाकरण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था।

50 छात्राओं को प्रथ व 15 को लगाई गई वैक्सीन की दूसरी डोज़
कार्यक्रम के दूसरे चरण में डिवीजन हेड यूपी सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया एपी सिंह एवं टीम के द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के टीकाकरण के सातवें चरण का आरंभ किया गया। इस दौरान पचास छात्राओं को प्रथम डोज़ लगाई गई तथा पंद्रह छात्राओं को दूसरी डोज़ लगाई गईं जिस से उनका टीकाकरण शेड्यूल पूरा हुआ। अब तक लगभग साढ़े तीन सौ से ज्यादा छात्राओं का टीकाकरण संपन्न किया जा चुका है। यह जागरूकता अभियान तथा टीकाकरण अभियान समाज और प्रशासन तथा महिला संस्थाओं के सहयोग से निरंतर लगातार संचालित किया जा रहा है।

समय पर जांच और एचपीवी वैक्सीनेशन से रोका जा सकता है सर्वाइकल कैंसर
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में सबसे अधिक होने वाले कैंसरों में से एक है, लेकिन समय पर जांच और एचपीवी वैक्सीनेशन से इसे रोका जा सकता है। हमारे विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है कि हम शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश भी समाज तक पहुँचाएँ। सर्वाइकल कैंसर रोके जाने योग्य है। जागरूकता, नियमित जांच और एचपीवी टीकाकरण ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक रहने और अपने परिवार तथा समाज में भी इस संदेश को फैलाने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय ने इस दिन संकल्प लिया कि वह स्वास्थ्य जागरूकता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
