RLD का राष्‍ट्रीय अधिवेशन: जयंत चौधरी चुने गए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बोले- मैं आपका प्‍यार नहीं भुला सकता

RLD का राष्‍ट्रीय अधिवेशन: जयंत चौधरी चुने गए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बोले- मैं आपका प्‍यार नहीं भुला सकता

लखनऊ/मथुरा: राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने रविवार (16 नवंबर) को राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। चौधरी जयंत सिंह ने कहा, मथुरा के लोगों ने मुझे पहली बार सांसद चुनकर भेजा। आपका प्यार मैं कभी भुला नहीं सकता। आज मुझे तीन साल के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। हम एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं। प्रधानमंत्री जी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है।

उन्‍होंने कहा कि आज विपक्ष के पास परिवार है, नेता और नीति नहीं है, इसलिए विपक्ष फेल है। राष्ट्रीय लोकदल के सक्रिय सदस्य बने और चौधरी चरण सिंह जी की नीतियों को आगे बढ़ाएं। गांव, किसान, गरीब की चर्चा होना ही रालोद की जीत है। रालोद के नेताओं को महिलाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए। महिलाओं को शीघ्र आरक्षण का लाभ मिलेगा।

चौधरी चरण सिंह की जयंती पर लगाए जाएंगे सवा करोड़ वृक्ष

जयंत चौधरी ने कहा कि पार्टी का विस्‍तार जरूरी है और इसके लिए आप सभी सहयोग करें। छाता की चीनी मिल बंद पड़ी है, जो हर हाल में चलनी चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने गन्ने का भाव 400 रुपये किया है, हम मिल को फिर से चलवाएंगे। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री किसान मसीहा स्वतंत्रता सेनानी श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह जी की 125वीं जयंती पर देश भर में धूमधाम से मनाई जाएगी, इस अवसर पर सवा करोड़ वृक्ष लगाए जाएंगे।

वहीं, राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने बताया कि मथुरा की पावन-पौराणिक भूमि पर राष्ट्रीय अधिवेशन 2025 का सफल आयोजन हुआ। अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने में योगदान देने वाले रालोद परिवार के सभी सदस्यों, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनमानस के प्रति पार्टी अपना हार्दिक आभार व्यक्त करती है। यह अधिवेशन कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण रहा।

रालोद को समाज के हर वर्ग की चिंता

उन्‍होंने कहा कि किसानों को केंद्र में रखते हुए आर्थिक प्रस्ताव पारित किया गया, युवाओं और महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सामाजिक प्रस्ताव पर सहमति बनी, तथा वैश्विक राजनीति में भारत की बढ़ती भूमिका को समझते हुए राजनीतिक प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। रालोद समाज के हर वर्ग, विशेषकर वंचितजन, किसान और मजदूर की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। अधिवेशन को सफल बनाने में दिन-रात जुटे सभी साथियों को पार्टी की ओर से हार्दिक धन्यवाद।

Post Comment

You May Have Missed