नई दिल्ली: ओलिंपियन बॉक्सर विजेंदर सिंह अब फिर से एंटरटेनमेंट की दुनिया में वापसी करेंगे। कुछ महीने में ही उनकी हरियाणवी फिल्म रिलीज होगी। खुद विजेंदर ने इसका खुलासा किया। हालांकि, फिल्म व हीरोइन के नाम को सस्पेंस रखा।
साल 2014 में विजेंदर ने बॉलीवुड की फिल्म ‘फगली’ से शुरू की। इसमें एक्ट्रेस कियारा आडवाणी हीरोइन हैं। फिल्म में सलमान खान और अक्षय कुमार ने कैमियो किया। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म कोई कमाल नहीं कर पाई। फिर साल 2016 में रणदीप हुड्डा की फिल्म ‘दो लफ्जों की कहानी’ में कैमियो रोल में गेस्ट अपीयरेंस दी थी।
2026 में रिलीज होगी फिल्म
अब 40 की उम्र में बॉक्सर हरियाणवी फिल्म के जरिए कमबैक करने की तैयारी में हैं। 9 नवंबर को झज्जर में आनंद पथ कार्यक्रम में विजेंदर, ओलिंपियन अमन सहरावत के अलावा बॉलीवुड डायरेक्टर राज शांडिल्य, कॉमेडियन पारितोष त्रिपाठी उर्फ मामा जी के साथ मंच पर नजर आए। विजेंदर ने हाल ही में कहा कि यह हरियाणवी फिल्म साल 2026 में रिलीज होगी। उन्होंने युवाओं के साथ सेल्फी व ऑटोग्राफ दिए और उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया।
2008 में ओलिंपिक में जीता कांस्य
साल 2008 में बीजिंग ओलिंपिक में विजेंदर सिंह ने मिडिलवेट वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारतीय मुक्केबाजी के इतिहास में पहली बार ओलिंपिक पदक दिलाया। ओलिंपिक के बाद विजेंदर को देशभर में खेल के नायक के रूप में सम्मान मिला। उन्हें राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार और पद्मश्री से सम्मानित किया गया। 2015 में विजेंदर ने प्रोफेशनल बॉक्सिंग में कदम रखकर एक नया मोड़ लिया। उन्होंने ब्रिटेन में अपनी पहली प्रोफेशनल बॉउट खेली और शानदार जीत दर्ज की।
इसके बाद विजेंदर ने लगातार 12 मुकाबले जीते, जिनमें से कई नॉकआउट के जरिए रहे। साल 2016 में वे WBO एशिया-पैसेफिक सुपर मिडलवेट चैंपियन बने और 2017 में उन्होंने WBO ओरिएंटल टाइटल भी अपने नाम किया। भारत में उन्होंने दिल्ली, मुंबई और जयपुर में आयोजित बॉउट्स में जीत हासिल कर घरेलू दर्शकों का दिल जीता।