बरेली में डीएम ने तहसील दिवस पर सुनी शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
बरेली: जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नवाबगंज तहसील परिसर में सोमवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में ग्रामीणों और किसानों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, नलकूप, भूमि संबंधी मुद्दों, मनरेगा भुगतान, सड़क-नाली निर्माण और राजस्व कार्यों में देरी जैसी विभिन्न समस्याएं प्रस्तुत कीं। किसानों ने विभागीय लापरवाही के कारण फसल प्रभावित होने की शिकायत भी की।
भाकियू (टिकैत) ने सौंपा ज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि किसानों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कई क्षेत्रों में किसान सुविधाओं में भारी अनियमितताओं का भी उल्लेख किया, जिससे किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सभी विभाग शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तहसील दिवस में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) उदित पवार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्ष मोदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।



Post Comment