Bihar Elections: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरा में विशाल जनसभा को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे। एनडीए के नेताओं ने उनका जमकर स्वागत किया। लोगों की भीड़ ने पीएम के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि इस बार फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने आप इतनी संख्या में एनडीए के प्रत्याशियों को आशीर्वाद देने आए हैं, इसके लिए मैं आप सभी को धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार ही विकसित भारत का आधार है। मैं जब विकसित बिहार की बात करता हूं कि बिहार का औद्योगिक विकास। बिहार के युवाओं को बिहार में ही रोजगार। मैं आरा के इस मंच से कह रहा हूं कि आपका सपना हमारा संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए मैं आज आपका साथ मांगने आया हूं।
‘इस बार एनडीए भारी बहुमत से जीतने जा रहा है‘
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार एनडीए भारी बहुमत से जीतने जा रहा है और जंगलराज वाले हार का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं। आपका यह उत्साह कह रहा है कि फिर एक बार एनडीए सरकार। इसलिए आप छह नवंबर को एनडीए सरकार को वोट करें। एक तरफ एनडीए का ईमानदार घोषणा पत्र है। दूसरी तरफ जंगलराज वालों ने अपने घोषणा पत्र को भी झूठ, छल-कपट और लोगों की आंखों में धूल झोंकने वाला दस्तावेज बना दिया है। जनता से ऊपर कोई नहीं है। यह पब्लिक है सब जानती है।
उन्होंने कहा, एनडीए के संकल्प पत्र में बच्चों की पढ़ाई, परिवार की दवाई, नौजवानों की कमाई और किसानों की सिंचाई पर सबसे ज्यादा बल दिया है। इसके अलावा बहनों बेटियों के लिए अनेक मजबूत प्रावधान किए गए हैं। पीएम ने कहा कि हमारा संकल्प है कि बिहार का युवा बिहार में ही काम करेगा और बिहार का नाम करेगा। इसलिए आने वाले वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने का एलान किया गया है।