लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना के राज्य परामर्शित मूल्य (SAP) में 30 रुपये की रिकॉर्ड वृद्धि की है। इसके बाद किसानों को अगैती गन्ना के लिए 400 रुपये प्रति क्विंटल और सामान्य गन्ना के लिए 390 रुपये प्रति क्विंटल कीमत मिलेगी।
सीएम योगी ने किया पोस्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा- “गन्ना कृषकों के श्रम का सम्मान सुशासन का सच्चा स्वरूप है। इस भाव के साथ आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 हेतु गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि का निर्णय लिया है। अब अगेती गन्ना प्रजाति का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल तथा सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹390 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस निर्णय से गन्ना कृषकों को लगभग ₹3,000 करोड़ का अतिरिक्त लाभ प्राप्त होगा। हमारे गन्ना किसान प्रदेश की समृद्धि के आधार स्तंभ हैं। यह निर्णय लाखों गन्ना किसानों के जीवन में नई उम्मीद, नई ऊर्जा और आत्मनिर्भरता की मिठास घोलेगा। खुशहाल किसान-समृद्ध उत्तर प्रदेश!”
गन्ना कृषकों के श्रम का सम्मान सुशासन का सच्चा स्वरूप है। इस भाव के साथ आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 हेतु गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि का निर्णय लिया है।
अब अगेती गन्ना प्रजाति का मूल्य…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 29, 2025
वहीं, गन्ना मंत्री ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बीते आठ साल में सरकार गन्ना मूल्य में 85 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर चुकी है। सरकार के ताजा निर्णय से प्रदेश के 46 लाख गन्ना किसानों को लाभ होगा और उनको पहले के मुकाबले तीन हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह चौथी बार है, जब गन्ना के एसएपी में बढ़ोतरी की गई है।
रालोद ने किया फैसले का स्वागत
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने इस निर्णय का स्वागत किया है। रालोद नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस निर्णय को किसान हितैषी बताया। पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज प्रधान ने कहा कि योगी सरकार ने जयंत चौधरी के आग्रह पर किसानों की मांग को देखते हुए गन्ने का भाव ₹400 किया है।
उन्होंने इस निर्णय को सराहनीय बताया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. कुंवरवीर चौधरी ने कहा कि गन्ने के भाव बढ़ने से किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। पार्टी नेताओं ने किसान समुदाय की ओर से योगी सरकार और जयंत चौधरी का आभार व्यक्त किया।
कब कितना बढ़ा एसएपी?
पेराई सत्र – मूल्य वृद्धि
2017-18- 10 रुपये प्रति क्विंटल
2021-22- 25 रुपये प्रति क्विंटल
2023-24- 20 रुपये प्रति क्विंटल
2025-26- 30 रुपये प्रति क्विंटल।