उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

देश में तीन मौसमी सिस्टम एकसाथ एक्टिव, साइक्लोन मोन्था के चलते आंध्र में स्कूल बंद

देश में तीन मौसमी सिस्टम एकसाथ एक्टिव, साइक्लोन मोन्था के चलते आंध्र में स्कूल बंद

नई दिल्‍ली: देश में तीन मौसमी सिस्‍टम एकसाथ सक्रिय हैं। 15 अक्टूबर को मानसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी थी, लेकिन रविवार को देश के 90% इलाके में बादल छाए रहे। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश भी हुई। मध्य प्रदेश, गुजरात और दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश हुई।

दरअसल, देश में मौसम के 3 सिस्टम एकसाथ एक्टिव हैं। इन सिस्टम का असर मध्य प्रदेश समेत 15 राज्यों में अगले 4 दिन तक नजर आएगा। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम विक्षोभ एक्टिव होने से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश होगी। साथ ही 6 नवंबर के बाद बर्फबारी होने की संभावना है।

गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश

अरब सागर में बने सिस्टम के कारण गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। भावनगर के महुवा में 24 घंटे में सबसे ज्यादा करीब 8 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र (डीप डिप्रेशन) धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है।

सोमवार को इसके समुद्री तूफान ‘चक्रवात मोन्था’ में बदलने की संभावना है। इसका केंद्र अभी विशाखापट्‌टनम से 830 किमी पूर्व दिशा में है। आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके कारण सोमवार को स्कूल बंद रखे गए हैं।

तीन मौसमी सिस्टम

  • पहला- पूर्वी तट पर तूफान मोन्था मंगलवार रात पहुंचने वाला है। यह आंध्र के मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाड़ा के आसपास तट से टकराएगा।
  • दूसरा- पूर्व मध्य अरब सागर में रविवार को बना मौसमी सिस्टम डीप डिप्रेशन में तब्दील हो चुका है, लेकिन गुजरात की बढ़ने की बजाय अब मुड़कर तटों से दूर जा रहा है। इससे गुजरात के कुछ जिलों के लिए अगले 24 घंटे के दौरान रेड अलर्ट कर दिया गया है।
  • तीसरा- पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के रूप में सोमवार को उत्तरी हिमालय के पहाड़ी राज्यों में दस्तक देने वाला है। इससे पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ही नवंबर के पहले हफ्ते में 3-4 डिग्री तापमान गिर सकता है।

चक्रवात मोन्था: आज 3 राज्यों में रेड अलर्ट

दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और सोमवार को इसके समुद्री तूफान और मंगलवार को गंभीर समुद्री तूफान में बदलने की संभावना है। इसका केंद्र अभी विशाखापट्‌टनम से 830 किमी पूर्व की दिशा में है।

अनुमान है कि तूफान के जमीन से टकराते समय हवा की गति 100 से 110 किमी प्रति घंटा होगी। आंध्र, ओडिशा, तमिलनाडु में रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, आंध्र, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्‍तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 3-4 दिन तेज बारिश की संभावना है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *