नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी के बाद अब गिरावट शुरू है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, चांदी की कीमत में गुरुवार (23 अक्टूबर) को 1,051 रुपये की गिरावट रही, ये 1,51,450 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है। 14 अक्टूबर को कीमत 1,78,100 रुपये के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी, तब से इसमें 26,650 रुपये गिरावट है।
वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम आज 553 रुपये घटकर 1,23,354 रुपये पर आ गया है। इससे पहले, 17 अक्टूबर के कारोबार में सोने ने 1,30,874 रुपये का ऑल टाइम हाई बनाया था। तब से इसमें 7,520 रुपये की गिरावट आ चुकी है।
सोना-चांदी के दाम में हाल ही में आई गिरावट के कारण
- भारत में सीजनल बाइंग का खत्म होना: दीवाली जैसे फेस्टिवल के बाद इंडिया में सोने-चांदी की खरीदारी का सिलसिला थम गया। इससे सोना-चांदी की डिमांड में कमी आई है।
- अमेरिका-चीन ट्रेड टेंशन में ढील: सोना-चांदी को ‘सेफ-हेवन’ माना जाता है, यानी मुश्किल वक्त में लोग इन्हें खरीदते हैं। लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के शी जिनपिंग के बीच अगले हफ्ते मीटिंग होने वाली है। इससे ट्रेड वॉर की चिंता कम हुई है।
- प्रॉफिट-टेकिंग और ओवरबॉट सिग्नल: रैली के बाद निवेशक प्रॉफिट बुक कर रहे हैं। टेक्निकल इंडिकेटर्स जैसे रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) दिखा रहे थे कि कीमतें ओवरबॉट जोन में पहुंच चुकी थीं। इसलिए ट्रेंड फॉलोअर्स और डीलर्स ने बिकवाली शुरू कर दी है।
इस साल सोना ₹47,192 और चांदी ₹65,433 महंगी हुई
इस साल अब तक सोने की कीमत 47,192 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपये का था, जो अब 1,23,354 रुपये हो गया है। चांदी का भाव भी इस दौरान 65,433 रुपये बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपये थी, जो अब 1,51,450 रुपये प्रति किलो हो गई है।
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।