Lucknow News: लखनऊ के 1090 चौराहे के पास चटोरी गली में एक बार फिर बवाल सामने आया है। यहां मंगलवार रात को दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से भी दबंगों ने अभद्रता की है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जरूरी कार्रवाई करने की बात कह रही है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने कहा कि बाबा जी का तथाकथित सुशासन, जहां अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस पूरी तरह बेबस है।
बुलानी पड़ी अतिरिक्त फोर्स
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे की है। बताया जा रहा है कि एक पक्ष के गौरव सिंह और उनके चार साथी और दूसरे पक्ष के शुभम सिंह और उनके तीन साथियों के बीच आतिशबाजी को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की भी हो गई। उधर सूचना पर डायल 112 और थाना गौतमपल्ली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन उन्होंने थाने चलने से इनकार कर दिया। इसके बाद अतिरिक्त फोर्स बुलाकर पुलिस ने सभी को थाने लाया।
सोशल मीडिया पर वायरल है मामले का वीडियो
वहीं घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट की पैदा हुई स्थिति और हंगामा देखे जा सकता हैं। उधर दावा यह भी किया जा रहा है कि विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस से भी कुछ युवकों ने अभद्रता की। वीडियो में भी युवक पुलिस ने बहस करते नजर आ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस दावे को असत्य बताया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस का यह भी कहना है कि किसी पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता या गाली-गलौज की बात सही नहीं है।
वहीं घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। यूपी कांग्रेस ने कहा कि यह घटना बताती है कि अपराधियों में अब कानून का कोई डर नहीं रहा। उन्हें पता है कि सत्ता का संरक्षण हर हाल में उन्हें बचा लेगा। बाकी आरोपी अब भी फरार हैं, क्योंकि यहां अपराधियों को पकड़ने की नहीं, बल्कि उन्हें बचाने की होड़ मची है। कांग्रेस ने कहा कि जब राजधानी में कानून व्यवस्था की यह दुर्दशा है, तो सोचिए प्रदेश के बाकी हिस्सों में अराजकता किस हद तक फैली होगी। यही है बाबा जी का तथाकथित सुशासन, जहां अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस पूरी तरह बेबस।