मथुरा: वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर प्रयागराज के सुफियान अल्लाहबादी ने मदीना में दुआ मांगी। उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें वो कह रहे हैं कि ‘क्या हिंदू क्या मुसलमान, इंसानियत सबसे बड़ी है।’ सुफियान के इस पोस्ट ने हलचल मचा दी है।
मदीना शरीफ की पवित्र मस्जिद में पहुंचे प्रयागराज के रहने वाले सुफियान अल्लाहबादी ने संत के लिए दुआ की। वे दुआ मांगते है कि ‘हे अल्लाह, भारत के महान संत प्रेमानंद महाराज को शीघ्र स्वस्थ करें, ताकि वे अपने भक्तों का मार्गदर्शन जारी रख सकें।’ इस दौरान सुफियान ने अपने मोबाइल पर संत का फोटो दिखाते हुए कहा कि संत प्रेमानंद की तबीयत के बारे में खबर मिलने पर वे चिंतित हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
संत प्रेमानंद महाराज को बताया अच्छा इंसान
इतना ही नहीं सुफियान ने आगे ये भी कहा कि संत प्रेमानंद बहुत अच्छे इंसान हैं। उन्होंने कहा कि कोई हिंदू हो या फिर मुसलमान, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। जरूरी ये है कि इंसान अच्छा हो और सच्चा। सुफियान का ये वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लोगों द्वारा तमाम सोशल मीडिया प्लेटफोर्म पर वायरल किया जा रहा है।
मोहब्बत की इसी मिट्टी को हिंदुस्तान कहते हैं… ❤️
पैगंबर हज़रत मुहम्मद ﷺ के घर पहुँची प्रेमानंद महाराज के स्वस्थ होने की दुआ।
प्रयागराज के एक शख़्स ने शेयर किया ये वीडियो।#Madina | #PremanandMaharaj pic.twitter.com/ZUUhhKH8T0— Waseem Zaidi (@NewsZD) October 13, 2025
11 दिन बाद शुरू हुई पदयात्रा
बता दें कि संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा एक बार फिर से शुरू हो गई। हालांकि, मार्ग फिलहाल छोटा हो गया है। सोमवार को संत महाराज ने पूर्व की तरह ही पदयात्रा की। मार्ग में सड़क के दोनों ओर लोग खड़े रहे। दोनों साइड रस्सी लगा दी गई थी। आश्रम के बाहर लोगों ने सड़क पर रंगोली बनाईं थीं। यात्रा का दृष्य पूर्व की पदयात्रा जैसा ही रहा।