Weather Update: पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम राज्यों में सुबह-शाम हल्की ठंड पड़ने लगी है। यहां तक कि हल्के कंबल का भी सहारा लोग ले रहे हैं। इस बीच देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश भी हो रही है।
इन राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और माहे में 9 से 12 अक्टूबर के दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है। तेलंगाना में तेज हवाएं चलने की संभावना है। 9-11 अक्टूबर के दौरान ओडिशा में भी बारिश हो सकती है। 9-10 अक्टूबर के दौरान असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकी है। 10 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी
उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। हिमाचल के कुल्लू और मंडी जिलों और लाहौल-स्पीति जिले के विभिन्न हिस्सों में ताजा बर्फबारी के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर जारी है।