उत्तर प्रदेश, राजनीति

UP से विदा हो रहा मानसून, अब सुबह और शाम की हवा में घुल रही ठंडक

UP से विदा हो रहा मानसून, अब सुबह और शाम की हवा में घुल रही ठंडक

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सुबह और शाम की हवा में ठंडक घुलने लगी है। बीते कुछ दिनों से पारे में उतार-चढ़ाव के बाद अब अंदाजा होने लगा है कि जल्द ही राजधानी शरद ऋतु दस्तक देने वाली है। मंगलवार शाम को हल्की ठंडी हवाएं चलीं और लोगों को हल्की सिहरन महसूस हुई। रात में ग्रामीण इलाकों में हल्की धुंध भी देखी जा रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से अब राजधानी में बादलों की सक्रियता घटेगी और मौसम के आमतौर पर शुष्क रहने के संकेत हैं। बादलों की सक्रियता कम होने के बावजूद दिन छोटा होने से शाम से सुबह तक तापमान में गिरावट होगी।

अपने आखिरी दौर में है मानसून

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि राजधानी लखनऊ में मानसून अपने आखिरी दौर में है। दो तीन दिनों में राजधानी से मानसून के वापसी की परिस्थितियां बन सकती हैं। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति में ही बारिश देखने को मिलेगी। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री की गिरावट के साथ 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री लुढ़क कर 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

पूरे प्रदेश से मानसून विदाई के संकेत

उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से जारी बारिश का दौर अब थमने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, अब बुधवार से पश्चिमी यूपी में मौसम के शुष्क रहने के संकेत हैं। हालांकि, पूर्वांचल के इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। कुल मिलाकर यूपी में अब मानसून विदाई की ओर है।

इस बूंदाबांदी के दौर के बाद प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों में रात के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि दक्षिणी-पश्चिमी मानसून वापसी की रेखा झांसी, शाहजहांपुर से होते हुए पूर्वी देशांतर तक जा रही है। अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश भर से मानसून वापसी की परिस्थितियां बन सकती हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *