उत्तर प्रदेश
राजनीति
Aam Aadmi Party, AAP leader, AAP leader house arrest, Bareilly News, Bareilly Police, Bareilly protest, Bareilly riot, Bareilly violence, BDA, Maulana Tauqeer Raza, Sanjay Singh, Tauqeer Raza, आप नेता, आप नेता हाउस अरेस्ट, आम आदमी पार्टी, तौकीर रजा, बरेली पुलिस, बरेली प्रदर्शन, बरेली बवाल, बरेली हिंसा, बीडीए, मौलाना तौकीर रजा, संजय सिंह
Shailendra Singh
0 Comments
बरेली में तौकीर रजा के करीबियों की 150 करोड़ की संपत्ति जब्त, अधिकारी बोले- अब कोई नहीं छूटेगा
बरेली: शहर में मौलाना तौकीर रजा और उनके करीबियों पर पुलिस प्रशासन का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। सोमवार को बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) और नगर निगम की टीम ने पुलिस और पीएसी बल के साथ तीन बड़े प्रतिष्ठानों को सील किया। इनमें सपा नेता वाजिद बेग का आलीशान बारातघर, सपा पार्षद अब्दुल कयूम मुन्ना का ई-बाइक शोरूम, और सौ-फुटा रोड पर नाजिर खान के न्यू खान मोटर्स गैराज शामिल है। तीनों ही मौलाना तौकीर रजा के करीबी हैं।
बरेली हिंसा के आरोपियों की अब तक करीब 150 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध संपत्तियों को बरेली विकास प्राधिकरण सील कर चुका है। आई लव मोहम्मद के समर्थन में 26 सितंबर को बरेली में हिंसा हुई थी। इसके बाद पुलिस ने 10 एफआईआर दर्ज की। सात में मौलाना तौकीर रजा का नाम है। तौकीर को पुलिस ले गिरफ्तार कर जेल भेजा था। यहां प्रशासन ने कई संपत्तियों पर बुलडोजर भी चलाया है।
वाजिद बेग का बारातघर सील
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर में मौलाना तौकीर रजा के करीबी और सपा नेता वाजिद बेग ने एक आलीशान बारातघर बनवाया था। बीडीए के रिकॉर्ड के अनुसार, इस बारातघर का कोई नक्शा पास नहीं कराया गया था। बीडीए ने पहले नोटिस जारी किया था, लेकिन तय समय में जवाब न मिलने पर सोमवार को टीम ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर बारातघर सील कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारातघर का निर्माण बिना किसी अनुमति के पिछले साल पूरा किया गया था। इलाके में यह संपत्ति काफी चर्चित मानी जाती है, क्योंकि इसे वाजिद बेग ने अपने राजनीतिक प्रभाव से तेजी से तैयार कराया था। बीडीए अधिकारियों ने बताया कि नोटिस के बावजूद जब कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, तब यह कार्रवाई करना जरूरी हो गया था।
दूसरा ई-बाइक शोरूम पर ताला
प्रेमनगर क्षेत्र में मौलाना तौकीर रजा के करीबी सपा पार्षद अब्दुल कयूम मुन्ना का ई-बाइक शोरूम भी सोमवार को प्रशासन की कार्रवाई की चपेट में आ गया। बीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि शोरूम का निर्माण बिना मंजूरी के किया गया है। टीम ने मौके पर ही सीलिंग की कार्रवाई पूरी की।
तीसरा मोटर्स गैराज सील
इसी के साथ सौ-फुटा रोड पर तौकीर रजा के करीबी नाजिर खान के न्यू खान मोटर्स गैराज को भी अवैध निर्माण पाए जाने पर सील कर दिया गया। बताया गया कि गैराज का हिस्सा सड़क की भूमि पर कब्जा करके बढ़ाया गया था। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारियों की भीड़ जुट गई।
150 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) अब तक लगभग 150 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियों को सील कर चुका है। इसमें दुकानों, मार्केट कॉम्प्लेक्स, गेस्ट हाउस से जुड़ी संपत्तियां शामिल हैं। प्रशासन ने अब तौकीर रजा से जुड़े सभी व्यक्तियों की संपत्ति की लिस्ट तैयार कर ली है। जिनके नाम इस सूची में हैं, उनकी जांच बीडीए और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें कर रही हैं।



Post Comment