UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद बाराबंकी और मऊ जिलों में भी तनाव बढ़ गया है, ऐसे में पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। पुलिस ने कहा कि बरेली और वाराणसी में माहौल बिगाड़ने के आरोप में आठ-आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
घर-घर जाकर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। पुलिस ने कहा कि बरेली में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक पुलिस ने घर-घर दबिश दी और करीब 36 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा समेत आठ आरोपियों को माहौल खराब करने के आरोप में गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया।
वाराणसी से 8 गिरफ्तार
इस बीच, वाराणसी पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि सिगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘आई लव मोहम्मद’ के नाम का पोस्टर और बैनर लेकर बिना अनुमति के जुलूस निकालकर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडने एवं अराजकता फैलाने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।
जानबूझकर सम्प्रादायिक माहौल खराब कर रहे लोग
पुलिस का कहना है कि वाराणसी में जुलूस का फुटेज एवं वीडियो से स्पष्ट हो रहा है कि जुलूस में शामिल एक समुदाय के लोग जानबूझकर सम्प्रादायिक माहौल खराब कर विवाद उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया है।
बारांबकी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज गांव में शुक्रवार रात ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा बैनर तोड़े जाने पर तनाव फैल गया। घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पर्चे लगाने के आरोप में 5 गिरफ्तार
वहीं मुजफ्फरनगर और मऊ में ‘आई लव मोहम्मद’ घटना के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और अलग-अलग जगहों पर आपत्तिजनक स्टिकर और पर्चे लगाने के आरोप में कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को तितावी थानाक्षेत्र में तीन लोगों हमजा, ओसामा व नजाकत को गिरफ्तार किया और उनके पास से आपत्तिजनक पर्चे व स्टिकर जब्त किए।