Akhilesh Yadav बोले- BJP के सत्ता से हटने पर ही किसानों को मिलेगी राहत
Akhilesh Yadav: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पूरे प्रदेश का किसान खाद संकट से जूझ रहा है। खाद को लेकर हाहाकार है। खाद के लिए किसानों को लगातार लाइन लगानी पड़ रही है। कई जिलों की सहकारी समितियों में खाद नहीं है। किसानों को पिछले साल न गेहूं की फसल के लिए यूरिया, डीएपी मिली और न धान के लिए खाद मिली। अब आलू, चना-मटर और सरसों के लिए खाद नही मिल रही है। खाद के लिए लाइनों में लगे किसानों की तबियत बिगड़ रही है।
अखिलेश ने कहा कि खाद के लिए किसी की जान चली जाए और सरकार कुछ न करे। यह संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। आगरा के अकोला सहकारी समिति पर खाद के लिए तीन दिन से गोदाम के चक्कर लगा रहे किसान की लाइन में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इससे पहले भी किसानों की साथ इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर खाद की कालाबाजारी हो रही है।
भाजपा ने नौ साल में किसानों से झूठे वादे ही किए
उन्होंने कहा कि भाजपा ने नौ साल में किसानों से झूठे वादे ही किए हैं। भाजपा सरकार में किसानों को लगातार धोखा मिल रहा है। जंगली जानवरों के हमलों से किसानों और गरीबों में दहशत का माहौल है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सत्ता से हटेगी तभी किसानों को खाद, बीज मिलेगा, तभी गरीबों की सुरक्षा होगी।



Post Comment