उत्तर प्रदेश
राजनीति
Bareilly News, Bareilly Police, Mission Shakti awareness rally in Bareilly, Mission Shakti in Bareilly, Mission Shakti in UP, Mission Shakti-5.0 in UP, UP Police, बरेली पुलिस, बरेली में मिशन शक्ति, बरेली में मिशन शक्ति जागरूकता रैली, यूपी पुलिस, यूपी में मिशन शक्ति, यूपी में मिशन शक्ति-5.0
Shailendra Singh
0 Comments
यूपी में मिशन शक्ति-5.0 की शुरुआत, बरेली में निकली जागरूकता रैली
बरेली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन सभागार में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए ‘मिशन शक्ति-5.0’ का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश के सभी 1,647 थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन किया। साथ ही इन केंद्रों से जुड़ी एसओपी पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया।
मिशन शक्ति के पांचवें चरण की शुरुआत के साथ बरेली पुलिस लाइन से बाइक रैली और जागरूकता रैली निकाली गई। महिला पुलिसकर्मियों ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर रुककर महिलाओं को पंपलेट बांटे। उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
लक्षित समूहों तक पहुंचने के निर्देश
एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि यह रैली नारी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित की गई। सभी विभागों को मिशन शक्ति के तहत लक्षित समूहों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग ने महिलाओं और बालिकाओं के प्रति अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। नागरिकों से अपील की गई कि वे आपात स्थिति में वूमेन पावर लाइन 1090, इमरजेंसी सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, 1930, 181, 102, 108, 101 जैसे हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।
एडीजी ने बताया कि जिले के सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिला पुलिस कर्मी पीड़िताओं को सम्मानजनक व्यवहार और त्वरित विधिक सहायता प्रदान करेंगी। महिला बीट अधिकारी, एंटी रोमियो टीम और महिला सुरक्षा विशेष दल गाँवों, कस्बों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाएंगे। इसके अतिरिक्त, साइबर सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराध से बचाव के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
आने वाले दिनों में बरेली में मिशन शक्ति 5.0 के तहत नुक्कड़ नाटक, संवाद गोष्ठियां और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रयासों से महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे। कार्यक्रम में एडीजी रमित शर्मा, आईजी रेंज अजय साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसपी ट्रैफिक अकमल खान, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र, एएसपी सोनाली मिश्रा और एएसपी शिवम् आशुतोष सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



Post Comment