बरेली: शहर में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दो और शूटर्स को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को दोनों शूटरों को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा है। इनके नाम नकुल सिंह और विजय तोमर हैं। दोनों बागपत के रहने वाले हैं। इन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था।
11 सितंबर को दोनों ने दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की थी। एक सीसीटीवी भी सामने आया था। इसमें वे बाइक पर जाते हुए नजर आ रहे हैं। बरेली पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया है। दोनों शूटरों को बी-वारंट पर बरेली लाया जाएगा।
अरुण और रविंद्र मारे गए
बरेली पुलिस के मुताबिक, दिशा पाटनी के घर दो दिन यानी 11 और 12 सितंबर को फायरिंग हुई थी। 11 सितंबर को सुबह तड़के साढ़े 4 बजे नकुल और विजय ने ही फायरिंग की थी। जबकि 12 सितंबर को हरियाणा के शूटर अरुण और रविंद्र ने फायरिंग की थी। यूपी एसटीएफ ने हरियाणा और दिल्ली पुलिस के साथ 17 सितंबर की शाम को गाजियाबाद में अरुण और रविंद्र को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। इसके बाद से विजय और नकुल की तलाश कर रही थी।
चारों शूटर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के गैंग के सदस्य थे। अपने दो शूटरों के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद गैंग लीडर रोहित गोदारा बौखला गया था। उसने यूपी पुलिस को धमकी दी थी। कहा था- हमारे जो दो शूटर्स मारे गए हैं, हम इसका बदला लेंगे। कोई कितना भी ताकतवर हो, माफी नहीं मिलेगी।
10 सितंबर को बरेली पहुंचे थे चारों शूटर
पुलिस जांच में पता चला कि चारों शूटर दो बाइकों से 10 सितंबर को बरेली आ गए थे। नकुल और विजय स्प्लेंडर बाइक से थे। दोनों सुबह 6 बजकर 48 मिनट पर झुमका चौराहे पर रुके थे। यहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गए। सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर जंक्शन रोड के हिंद गेस्ट हाउस में अरुण, विजय और नकुल ने चेक-इन किया। यहां से दिशा पाटनी का घर आधा किलोमीटर दूर है। जबकि चौथा शूटर रविंद्र पुराने बस अड्डे से सटे प्रीत पैलेस होटल में रुका था। उसने सागर के नाम से आईडी दी थी।