Navratri 2025: नवरात्रि के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रदेशवासियों को विशेष उपहार देने जा रहा है। निगम द्वारा 200 नई एसी बसों को सेवा में शामिल किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि उक्त सभी बसें अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं। इन बसों की विशेषता यह है कि इनमें 2×2 सीटर आरामदायक रीक्लाइन सीटें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में भी पूर्ण सुविधा और आराम मिलेगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि बहुत जल्द ये सभी बसें प्रदेश की विभिन्न सड़कों पर दौड़ती नज़र आएंगी। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी का धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश की जनता को यह सौगात दी जा रही है। प्रदेश सरकार की मंशा लोगों को बेहतर सरल आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा मुहैया कराना है।