-
लखनऊ में एसजे अपलिफ्ट कबड्डी प्र.लि. के संस्थापक ने की सीएम योगी से मुलाकात
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) के दूसरे सीजन के प्रति उत्सुकता बढ़ती जा रही है। 25 दिसंबर 2025 से इसकी शुरुआत होने वाली है। इस संबंध में एसजे अपलिफ्ट कबड्डी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और निदेशक संभव जैन ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान, मुख्यमंत्री ने यूपीकेएल के आगामी सीजन के लिए अपना हार्दिक समर्थन व्यक्त कर आशीर्वाद दिया और राज्य में युवा सशक्तिकरण और खेल उत्कृष्टता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। इस चर्चा में कबड्डी ही नहीं बल्कि बल्कि इससे आगे बढ़कर उत्तर प्रदेश में तेज़ी से विकसित हो रहे खेल परिवेश पर भी बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने युवाओं की भागीदारी, सामुदायिक विकास और राज्य का गौरव बढ़ाने के लिए खेलों को एक निर्णायक और महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में स्थापित करने के अपने दृष्टिकोण के बारे में भी बताया। मुलाकात में कुणाल शर्मा, रचित शर्मा और वेदिका त्रिवेदी भी उपस्थित थीं, जो यूपीकेएल के कार्यान्वयन और रणनीतिक विकास के प्रमुख हैं। एसजे अपलिफ्ट कबड्डी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और निदेशक संभव जैन ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निरंतर समर्थन और दृष्टिकोण के लिए उनके प्रति हृदय से आभारी हैं, जो सम्पूर्ण राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में सहायक रहे हैं। सीजन 2 के साथ, हम अपने प्रयासों को बढ़ाने, युवाओं को सशक्त बनाने, जमीनी स्तर की प्रतिभाओं की खोज करने और कबड्डी को आकांक्षाओं के प्रतीक के रूप में तब्दील करने के लिए पहले से भी ज्यादा प्रतिबद्ध हैं।