आधार कार्ड का फर्जी सॉफ्टवेयर बेचकर लोगों को ठगने वाला बरेली में गिरफ्तार

आधार कार्ड का फर्जी सॉफ्टवेयर बेचकर लोगों को ठगने वाला बरेली में गिरफ्तार

बरेली: उत्‍तर प्रदेश स्‍पेशल टास्‍क फोर्स (UP STF) ने बरेली से एक बीटेक पास युवक को गिरफ्तार किया है। इसने आधार कार्ड बनाने का एक फर्जी सॉफ्टवेयर बेचकर उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और गुजरात जैसे राज्यों में 2,000 से ज्‍यादा लोगों से लाखों की ठगी की। एसटीएफ को लंबे समय से इस तरह के फर्जीवाड़े की सूचना मिल रही थी। फिर एसटीएफ बरेली टीम ने सुभाष नगर थाना क्षेत्र से जयवीर गंगवार नाम के इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी जयवीर ने बताया कि उसने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है और पहले नोएडा की एक आईटी कंपनी में काम करता था। वहीं पर उसने फर्जीवाड़ा करने का प्लान बनाया। कंपनी छोड़कर उसने घर पर आधार कार्ड बनाने का एक नकली सॉफ्टवेयर तैयार किया।

सोशल मीडिया पर देता था विज्ञापन

इस सॉफ्टवेयर को बेचने के लिए वह फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुपों पर विज्ञापन देता था। जो लोग इस सॉफ्टवेयर को खरीदने के लिए संपर्क करते थे, वह एनीडेस्क के जरिए उनके कंप्यूटर में इसे इंस्टॉल कर देता था और आईडी-पासवर्ड भी देता था। हर ग्राहक से वह 1000 से 1500 रुपये लेता था। जब ग्राहक सॉफ्टवेयर नहीं चला पाते थे तो वह उनसे बहाने बनाकर और पैसे की मांग करता था और बाद में अपना फोन बंद कर लेता था।

इस तरह उसने पिछले 2 साल में 2,000 से ज्यादा लोगों को ठगा है। पुलिस ने जयवीर के पास से एक लैपटॉप, एक मोबाइल, दो नकली आधार कार्ड और चार एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। उसके खिलाफ सुभाष नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post Comment

You May Have Missed