‘बीजेपी ने सत्ता की हनक और पुलिस के संरक्षण के दम पर गंगा जमुनी तहजीब पर दंश लगा दिया’
लखनऊ: यूपी के फतेहपुर में मकबरे पर तोड़फोड़ के बाद तनाव फैल गया। हिंदू संगठनों द्वारा मकबरे को मंदिर बताकर पूजा अर्चना की कोशिश की गई थी, जिसके बाद फसाद हुआ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने फतेहपुर हिंसा को योगी सरकार की लापरवाही बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का फतेहपुर दोआब के नाम से जाना जाता है। फतेहपुर गंगा जमुनी तहजीब के लिए देशभर में मशहूर है। यहां तक 1992 में बाबरी विध्वंस के दौरान जब पूरा देश हिंदू मुसलमान के नाम पर लड़ रहा था तब भी फतेहपुर ने अपनी गंगा जमुनी तहजीब को बरकरार रखा और फतेहपुर को बचाया था। लेकिन आज भाजपा के नेताओं ने सत्ता की हनक और पुलिस के संरक्षण के दम पर उसी फतेहपुर की गंगा जमुनी तहजीब पर एक दंश लगाने का काम किया है।
अजय राय ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा भाजपा नेता मुखलाल पाल के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? अगर वक्त रहते पुलिस प्रशासन ने भाजपा नेता की खिलाफ कार्रवाई की होती तो फतेहपुर का अमन-चैन कायम रहता। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि फतेहपुर पुलिस प्रशासन की विफलता पूरे देश ने देखा है कि कैसे पुलिस की मौजूदगी में दंगाई मकबरे तक पहुंचे और पुलिस की मिलीभगत से तोड़फोड़ की गई।



Post Comment