Lucknow News: स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लखनऊवासियों में जगी देशभक्ति की भावना
Lucknow News। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों और जोनों में जन-जागरूकता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रैलियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को प्रेरित करना रहा। जोन एक में अमीरउद्दौला इस्लामिया इंटर कॉलेज में नगर निगम की आईईसी (IEC) टीम ने एक जागरूकता सत्र आयोजित किया। इसमें तिरंगे के महत्व, इसके इतिहास और सम्मान की परंपराओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

वहीं, खालसा इंटर कॉलेज में 300 से अधिक छात्रों के साथ एक भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली का मुख्य उद्देश्य सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता फैलाना था। इसी क्रम में जोन सात स्थित अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली के दौरान लखनऊ बनेगा नं. 1 और भारत माता की जय के नारों से माहौल देशभक्ति से गूंज उठा। जोन पांच के वार्ड सरोजिनी नगर द्वितीय में स्थित जेबीआर पब्लिक इंटर कॉलेज में भी हर घर तिरंगा के तहत एक रैली का आयोजन हुआ। विद्यालय के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्रीय ध्वज को लेकर पूरे जोश के साथ कदम से कदम मिलाकर चले।




Post Comment