डोनाल्‍ड ट्रंप की टैरिफ बढ़ाने की धमकी पर पहली बार बोला भारत, कहा- अमेरिका भी तो रूस से यूरेनियम-खाद ले रहा

डोनाल्‍ड ट्रंप की टैरिफ बढ़ाने की धमकी पर पहली बार बोला भारत, कहा- अमेरिका भी तो रूस से यूरेनियम-खाद ले रहा

नई दिल्‍ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने सोमवार को भारत पर ‘और ज्यादा टैरिफ’ लगाने की धमकी दी। इसके बाद भारत ने पहली बार अमेरिका का नाम लेकर खुलकर जवाब दिया। ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया पर लिखा था कि भारत को परवाह नहीं है कि रूस के हमले में कितने लोग मारे जा रहे हैं। इसलिए, मैं भारत पर टैरिफ को बढ़ाने जा रहा हूं। इसके जवाब में भारत ने रूस से अमेरिका और यूरोपीय यूनियन (EU) को होने वाले निर्यात का आंकड़ा जारी किया।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने कहा, अमेरिका अपने परमाणु उद्योग के लिए रूस से यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड, ईवी उद्योग के लिए पैलेडियम, उर्वरक और रसायन का आयात जारी रखे हुए है। यही हाल EU का है। ऐसे में भारत को निशाना बनाना अनुचित और तर्कहीन है। उन्‍होंने कहा कि भारत को निशाना बनाना गलत है। हम अपने राष्ट्रीय हितों के लिए हर जरूरी कदम उठाएंगे।

विदेश मंत्री ने कही ये बात

इसके अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी एक कार्यक्रम में कहा कि दुनिया की व्यवस्था में अब किसी एक का दबदबा नहीं चलेगा। उन्‍होंने हम ऐसे समय में जी रहे हैं, जो काफी उलझा हुआ और अनिश्चित है। हम सभी चाहते हैं कि दुनिया में एक ऐसी व्यवस्था हो जो सबके लिए बराबर और प्रतिनिधित्व वाली हो, न कि कुछ ही देशों का दबदबा हो।

भारत के बयान की सात अहम बातें

  • यूक्रेन संघर्ष के बाद अमेरिका ने ग्लोबल एनर्जी मार्केट की स्थिरता को मजबूत करने के लिए रूस से भारत के तेल आयात को प्रोत्साहित किया था।
  • भारत के आयात का मकसद भारतीय उपभोक्ताओं के लिए किफायती ऊर्जा मुहैया कराना है।
  • भारत की आलोचना करने वाले वही देश खुद रूस के साथ व्यापार में कर रहे हैं।
  • 2024 में यूरोपीय संघ का रूस के साथ वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार 67.5 बिलियन यूरो था। यह रूस के साथ भारत के कुल व्यापार से काफी अधिक है।
  • यूरोप-रूस व्यापार में न केवल ऊर्जा, बल्कि उर्वरक, खनन उत्पाद, रसायन, लोहा और इस्पात, मशीनरी और परिवहन उपकरण भी शामिल हैं।
  • जहां तक अमेरिका का सवाल है, वो खुद अपने परमाणु उद्योग के लिए रूस से यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड, अपने इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के लिए पैलेडियम, उर्वरक और रसायनों का आयात कर रहा है।
  • इस लिहाज से भारत को निशाना बनाना गलत है। भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।

ट्रंप ने दी भारत पर टैरिफ बढ़ाने की धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर और ज्यादा टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। उन्होंने सोमवार को कहा कि भारत रूस से सस्ता तेल खरीदकर उसे खुले बाजार में मुनाफे के साथ बेच रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारत को इस बात की कोई परवाह नहीं है कि रूस के हमले से यूक्रेन में कितने लोग मारे जा रहे हैं। इस वजह मैं भारत पर लगने वाले टैरिफ में भारी इजाफा करूंगा।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को कहा था कि ऐसी खबरें हैं कि भारत ज्यादा दिन तक रूस से तेल नहीं खरीदेगा। डोनाल्‍ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया था, जो 7 अगस्त से लागू होगा।

Post Comment

You May Have Missed