-
संजय सिंह के नेतृत्व में ‘आप’ का ईको गार्डन में प्रदर्शन
लखनऊ: आम आदमी पार्टी ने लखनऊ के इको गार्डन में धरना प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व संजय सिंह ने किया। प्रदर्शन में प्रदेशभर से आए हज़ारों कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों ने भाग लिया। पूरे धरना स्थल पर ‘स्कूल बचाओ, देश बचाओ’ और ‘मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए’ जैसे नारे गूंजते रहे। संजय सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में एक भी सरकारी स्कूल बंद नहीं होने देंगे। सरकार को आम जनता और पार्टी के विरोध के कारण स्कूल बंद करने की 1 किलोमीटर दूरी और 50 छात्रों की शर्त वाले निर्णय पर पीछे हटना पड़ा, जो जनता की आंशिक जीत है।

आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा
उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश के अंतिम स्कूल को भी बंद करने की योजना पूरी तरह रद्द नहीं हो जाती, तब तक यह आंदोलन रुकेगा नहीं। आप प्रदेश प्रभारी संजय सिंह कहा कि यह फैसला गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के बच्चों को शिक्षा से दूर करने की साजिश है। जब तक प्रदेश का एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित रहेगा, आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों ने यह साबित किया है कि सरकारी स्कूल भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हो सकते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की सरकार उन्हें बंद करके शिक्षा व्यवस्था को तबाह करने पर तुली है।