Bareilly News Sawan 2025: नाथ नगरी बरेली में सावन के दूसरे सोमवार की झलक रविवार को ही शहर की सड़कों पर दिखी। दिनभर शहर में बम-बम की प्रतिध्वनि गूंजती रही। वहीं, सोमवार तड़के चार बजे ही शिवालयों में भक्तों की लंबी कतार लग गई। इससे पहले कालाबाड़ी, पुराना शहर, सीबीगंज, किला, पीलीभीत रोड समेत अन्य जगह से नाचते-गाते कांवड़ियों के जत्थे गंगाजल लेने कछला के लिए रवाना होते रहे। उनकी टोली में शामिल भगवान शिव की 10 फुट ऊंची मूर्ति सहित अन्य झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जोगी नवादा से गुरुवार को रवाना हुआ जत्था रविवार को जल लेकर लौटा। सभी शिवभक्तों ने रात्रि में वनखंडीनाथ मंदिर परिसर में ही विश्राम किया। सोमवार सुबह कछला से लाए गंगाजल से भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। वनखंडीनाथ मंदिर पहुंचने से पहले जत्थे में शामिल शिवभक्तों ने कुछ देर रुककर बाबा अलखनाथ का दर्शन किया।
धूमधाम के साथ निकले कांवड़िये, हुई पुष्पवर्षा
कैंट से 30 कांवड़ियों का जत्था रविवार को गढमुक्तेश्वर के लिए रवाना हुआ। सद्भाव समाज सेवा समिति की ओर से शिवभक्तों को फूल माला पहनाई गई। पंजाबी युवा संगठन की ओर से 17वीं डाक कांवड़ यात्रा सनातन धर्म मंदिर से कछला के लिए रवाना हुई। महापौर उमेश गौतम ने तिलक लगाकर व माला पहनाकर शिवभक्तों का स्वागत किया।