बिहार में बिजली गिरने से 24 घंटे में 17 मौतें, हिमाचल-तमिलनाडु में भारी बारिश से आफत  

बिहार में बिजली गिरने से 24 घंटे में 17 मौतें, हिमाचल-तमिलनाडु में भारी बारिश से आफत  

नई दिल्‍ली: बिहार में बीते 24 घंटों में बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा पांच मौतें नालंदा में हुईं। वैशाली में 4, बांका और पटना में 2-2 लोगों की जान चली गई। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बारिश से जुड़ी दुर्घटनाओं में अब तक 110 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 1200 करोड़ रुपये की सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

एक दिन के ब्रेक के बाद अमरनाथ यात्रा शुक्रवार फिर से शुरू कर दी गई है। पिछले कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर में हुई भारी बारिश और 16 जुलाई को बालटाल रूट पर लैंडस्लाइड के बाद यात्रा रोक दी गई थी। मौसम विभाग ने राजस्थान, दक्षिण कर्नाटक, केरल में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के तटीय हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट है। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भारी बारिश के चलते शुक्रवार को पहली से 8वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे।

हिमाचल में भारी बारिश से लैंडस्लाइड, नौ जिलों में बाढ़ की चेतावनी

गुरुवार को हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हुई। सिरमौर के लोहरा इलाके में भूस्खलन के कारण NH-707 ब्लॉक हो गया। मौसम विभाग ने 9 जिलों के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है। राज्य भारी बारिश से जूझ रहा है, जिसके कारण कई जगह भूस्खलन हुआ है और अचानक बाढ़ आई है। 20 जून से अब तक राज्य को 1,220 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। NH समेत 170 सड़कें अभी भी बंद हैं।

सूत्रों ने बताया कि राजमार्ग 30 घंटे से ज्यादा समय से बंद है और इसे अभी तक वाहनों के आवागमन के लिए बहाल नहीं किया जा सका है, क्योंकि पहाड़ से गिरता मलबा सड़क साफ करने के काम में दिक्कत दे रहा है। इस मानसून में हिमाचल प्रदेश में अब तक 31 बार अचानक बाढ़ आ चुकी है। 22 जगह बादल फटने की घटनाएं हुईं। जबकि 19 जगह भूस्खलन हुए हैं।

अजमेर में भारी बारिश, कई जगह पानी भरा

अजमेर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी पृथ्वीराज सिंह ने बताया कि मौसम विभाग ने आज रेड अलर्ट जारी किया है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार नगर निगम की फील्ड टीम उन सभी स्थानों का दौरा कर रही है जहां जलभराव होता है।

कर्नाटक के 4 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

कर्नाटक के चार जिलों- मदिकेरी, विराजपेट, उडुपी और सोमवारपेट जिले में भारी बारिश के चलते स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए।

छत्तीसगढ़ में रायपुर समेत 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों में तेज बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 15 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।

बिहार के मुंगेर में गंगा का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ की आशंका

बिहार के मुंगेर जिले में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। निचले इलाकों में पानी घुसने से बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने लापरवाही बरती है और 2024 की बाढ़ की राहत सामग्री का वितरण भी अधूरा है।

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में भारी बारिश

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया।

https://twitter.com/PTI_News/status/1946021619509645370

Post Comment

You May Have Missed