Bareilly News: शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, जलाभिषेक के लिए लगी कतार
Sawan in Bareilly: बरेली में सावन के पहले सोमवार पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रविवार शाम से ही कांवड़ियों के जत्थे कछला और हरिद्वार से जल लेकर शहर आने लगे। आधी रात के बाद कांवड़ियों ने हर-हर महादेव जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सबसे पहले अलखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने भोले बाबा का जलाभिषेक किया। मंदिर के महंत ने बताया कि भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर में आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। सोमवार सुबह शिवभक्तों की कतार लग गईं। मंदिर परिसर बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो गए।
बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में सोमवार तड़के चार बजे महाआरती के बाद जलाभिषेक की शुरुआत हुई। यहां शिवालय में एक ओर से भक्तों को प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर से निकास की व्यवस्था की गई है। वहीं बनखंडीनाथ मंदिर में भी तड़के से ही जलाभिषेक की शुरुआत हुई। मंदिर में कांवड़ियों के लिए अलग कतार है, ताकि उन्हें परेशानी न हो। पूरे दिन भक्त जलाभिषेक करते रहेंगे।
धोपेश्वरनाथ मंदिर में लगी कतार
कैंट स्थित बाबा धोपेश्वरनाथ मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र है। मंदिर में बड़ी संख्या में कांवड़िये जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। सोमवार तड़के ही भक्त कतारबद्ध होकर मंदिर खुलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। आरती के बाद भक्तों ने बम-बम भोले का जायकारा लगाते हुए जलाभिषेक किया। सुभाषनगर स्थित तपेश्वरनाथ मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र है। यहां काफी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं। मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंदिर में कांवड़ियों के साथ आसपास के भक्त भी पहुंचते है। मंदिर में तड़के तीन बजे से जलाभिषेक शुरु हो गया।
रंग–बिरंगी लाइटों व झालरों से सजा मढ़ीनाथ मंदिर
मढ़ीनाथ मंदिर में सावन के पहले सोमवार को तड़के से ही जलाभिषेक शुरु हो गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों व झालरों से सजाया गया है। मढ़ीनाथ पुल व बदायूं रोड होते हुए मंदिर तक पहुंचा जा सकता है। वहीँ, नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर की तर्ज पर बरेली में पशुपतिनाथ मंदिर बना है। सोमवार को सुबह यहां महाआरती के बाद भक्त जलाभिषेक कर सकेंगे।




Post Comment